चंद्रमोहन चौहान। ऊना
देश की राजधानी दिल्ली से हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले तक चलने वाली सबसे पुरानी और प्रतिष्ठित ट्रेन हिमाचल एक्सप्रेस अब नए रूप और रंग के साथ पटरियों पर दौड़ेगी। यह जानकारी हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग ठाकुर ने शनिवार को दिशा कमेटी की बैठक के बाद ऊना रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 64511 को हरी झंडी दिखाते हुए दी।
सांसद अनुराग ठाकुर ने बताया कि रेलवे विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि मार्च 2026 तक हिमाचल एक्सप्रेस के सभी पुराने डिब्बों को आधुनिक डिब्बों से बदल दिया जाए। इस फैसले का मुख्य उद्देश्य ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और आरामदायक सुविधाएं देना है। साथ ही इससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को आकर्षित करने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल एक्सप्रेस न केवल एक परिवहन का साधन है, बल्कि यह हिमाचल और दिल्ली के बीच सामाजिक और सांस्कृतिक संबंधों की एक मजबूत कड़ी भी है। इस ट्रेन में सुधार और नवीनीकरण से प्रदेश की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और स्थानीय लोगों को अधिक सुविधा मिलेगी।
सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि ऊना रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन हरिद्वार तक चलने वाली रेल सेवा को अब ऊना के अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन तक विस्तारित कर दिया गया है। यह रेल विस्तार न केवल ऊना और अंब उपमंडल सहित कांगड़ा के सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को हरिद्वार जाने में सुविधा देगा। बल्कि यह धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगा। इस अवसर पर विधायक सतपाल सत्ती, पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर, डीआरएम अंबाला विनोद भाटिया सहित अन्य उपस्थित रहे।
दिसंबर 2026 तक तलवाड़ा तक जुड़ेगी रेल लाइन
सांसद अनुराग ठाकुर ने जानकारी दी कि अगले डेढ़ वर्ष के भीतर इस रेल लाइन को पंजाब के तलवाड़ा तक जोडऩे का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए केंद्र सरकार और रेलवे मंत्रालय मिलकर प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर उन्होंने खुद पंजाब सरकार के साथ भी कई दौर की वार्ता की है। उन्होंने कहा कि रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ करने के लिए केंद्र सरकार बड़े स्तर पर निवेश कर रही है और हिमाचल को रेल के माध्यम से देश के अन्य हिस्सों से जोडऩे की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।
वंदे भारत व हरिद्वार ट्रेन की समयसारिणी पर होगा पुर्नविचार
ऊना रेलवे स्टेशन पर सांसद अनुराग ठाकुर ने रेलवे विभाग के अधिकारियों से वंदे भारत ट्रेन और प्रतिदिन हरिद्वार को जाने वाले पैसेंजर ट्रेन की समयसारिणी पर पुर्नविचार करने की बात कही। सांसद अनुराग ठाकुर ने सुझाव दिया कि दोपहर करीब डेढ़ बजे चलने वाले वंदे भारत ट्रेन को सांय 5 बजे चलाया जाए, ताकि रात्रि करीब 10 बजे तक दिल्ली पहुंच जाएं। वहीं हरिद्वार को दोपहर दो बजे पैसेंजर ट्रेन को शाम के समय चलाया जाए, ताकि अगली सुबह हरिद्वार पहुंचा जा सके।
मैमू और ऐमू ट्रेन में हो शौचालय
सांसद अनुराग ठाकुर ने रेलवे अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऊना को आने वाली हर मैमू और ऐमू ट्रेन में शौचालय की व्यवस्था की जाए, ताकि रेल यात्रियों को कोई परेशानी न पेश आए। उन्होंने कहा कि शौचालय न होने के कारण यात्रियों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ता है।








