कांगड़ा। डा. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कालेज एवं अस्पताल कांगड़ा टांडा के विशेषज्ञों ने हिमाचल का पहला रोबोटिक किडनी ट्रांसप्लांट किया। कुल्लू निवासी स्वर्णकार अजय को पत्नी लवली ने किडनी दी। इस ट्रांसप्लांट में नेफ्रोलाजी, किडनी ट्रांसप्लांट, सर्जरी व एनेस्थीसिया विभाग की टीम शामिल रही।

42 वर्षीय अजय चार वर्ष से किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे। पहले डायलिसिस के सहारे रहे, लेकिन जब बात ट्रांसप्लांट तक पहुंच गई तो वह पीजीआई चंडीगढ़ और मैक्स अस्पताल के भी चक्कर लगा आए। इसके बाद थक-हार कर वह टांडा मेडिकल कालेज एवं अस्पताल पहुंचे। यहां नेफ्रोलाजी विभागाध्यक्ष डा. अभिनव राणा ने ट्रांसप्लांट से संबंधित सभी टेस्ट व जांच के बाद रोबोट के माध्यम से किडनी ट्रांसप्लांट के लिए किडनी ट्रांसप्लांट विशेषज्ञ डा. अमित शर्मा व सर्जरी विभाग के विशेषज्ञों से चर्चा की।
मंगलवार को हिमाचल का पहला रोबोटिक किडनी ट्रांसप्लांट किया गया। आपरेशन के बाद पति-पत्नी को सघन चिकित्सा वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। दोनों की हालत स्थिर बनी हुई।







