सरकार ने जारी की अधिसूचना, छात्रों की जीरो इनरोलमेंट वाले स्कूलों में लगा ताला
शिमला। बुधवार को सरकार स्कूलों के मर्जर व बंद करने को लेकर बड़ा फैसला लिया। सरकार 93 सरकारी स्कूलों को एक साथ बंद व मर्ज करने के आदेश जारी कर दिए। शिक्षा सचिव राकेश कवंर की ओर से जारी किए गए आदेशों के अनुसार राज्य के 20 सरकारी विद्यालयों को तत्काल प्रभाव से बंद करने और 73 विद्यालयों का विलय करने का निर्णय लिया है। जारी आदेशों के अनुसार जिन विद्यालयों में एक भी छात्र नामांकित नहीं था, उन्हें डिनोटिफाई कर बंद कर दिया गया है। बंद किए गए विद्यालयों में 18 सरकारी प्राथमिक विद्यालय और दो सरकारी माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं। ये विद्यालय बिलासपुर, चंबा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में स्थित थे। इनमें सबसे अधिक 10 विद्यालय शिमला जिले के हैं, जबकि मंडी जिले में पांच विद्यालय बंद किए गए हैं। चंबा जिले में दो तथा बिलासपुर और कुल्लू में एक-एक विद्यालय प्रभावित हुए हैं।

इसके अलावा, प्रदेश सरकार ने उन विद्यालयों का विलय करने का निर्णय लिया है जहां विद्यार्थियों की संख्या पांच या उससे कम थी। इस तहत कुल 73 विद्यालयों का विलय किया गया है, जिनमें 65 सरकारी प्राथमिक विद्यालय (जीपीएस) और आठ सरकारी माध्यमिक विद्यालय (जीएमएस) शामिल हैं। इन विद्यालयों को निकटवर्ती सरकारी प्राथमिक, केंद्रीय प्राथमिक, माध्यमिक अथवा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में समायोजित किया गया है।
शिमला जिले के 13 प्राथमिक विद्यालयों का किया विलय
विलय किए गए विद्यालयों में सबसे अधिक 18 प्राथमिक विद्यालय मंडी जिले से हैं, जबकि शिमला जिले के 13 प्राथमिक विद्यालयों का विलय किया गया है। सरकार का कहना है कि इस कदम से उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। शिक्षा सचिव राकेश कंवर ने संबंधित अधिकारियों को आदेशों के तत्काल अनुपालन के निर्देश दिए हैं।








