ऊना, हमीरपुर, मंडी, बिलासपुर, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर में तेज गर्मी
शिमला। हिमाचल प्रदेश में गुरुवार सुबह से ही तेज धूप खिली रही। राज्य में आज भी इसी तरह धूप खिली रहेगी। जिससे की तापमान में बढ़ौतरी होगी। धूप खिलने से कुछ शहरों के तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक का उछाल आएगा। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार ऊना, हमीरपुर, मंडी, बिलासपुर, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर जिला के निचले इलाकों में दिन के वक्त लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ेगा।

तीन शहरों का तापमान 35 डिग्री से अधिक
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य के तीन शहरों का तापमान पहले ही 35 डिग्री या इससे अधिक हो चुका है। ऊना का तापमान इस समय 38.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। सुंदरनगर का तापमान 35 डिग्री, कांगड़ा का 35.2 और मंडी का 34.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। प्रदेश में मैदानी इलाकों के साथ-साथ मध्यम व अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों के तापमान में भी उछाल आ रहा है। यहां पर भी लोग गर्मी से परेशान हो गए हैं। कल्पा का अधिकतम तापमान 25.3 डिग्री तक पहुंच गया है। शिमला का सामान्य तापमान भी चार डिग्री ज्यादा चल रहा है। यहां पर 26.5 डिग्री सेल्सियस तक तापमान पहुंच गया है। पर्यटन नगरी मनाली में भी तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
25 अप्रैल को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में येलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार गर्मी से राहत मिलने के आसार है। आज रात से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। जिसका असर 29 अप्रैल तक रहेगा। 25 अप्रैल को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिला में आंधी-तूफान का यलो अलर्ट जारी किया गया है। 26 अप्रैल को कांगड़ा और कुल्लू जिला में चेतावनी दी गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के पूर्वानुमान के मुताबिक बारिश हुई तो इससे गर्मी से राहत मिलेगी।








