कांगड़ा। जिला कांगड़ा में एक दर्दनाक हादसे में महिला की मौत हो गई व 13 लोग घायल हो गए। रानीताल-मुबारिकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-503 पर बनखंडी के पास यह हादसा हुआ। हादसे में उत्तर प्रदेश की महिला श्रद्धालु की जान चली गई व 13 अन्य लोग घायल हुए हैं।
ये लोग पिकअप वाहन में सवार होकर कांगड़ा की ओर जा रहे थे। इसी बीच बनखंडी में वाहन बेकाबू होकर पेड़ से टकरा गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
घटना सुबह करीब छह बजे की है। बताया जा रहा है कि बुलंदशहर के सियाणा तहसील के करीब 15 लोग माता के दर्शन करने हिमाचल आए थे। माता चिंतपूर्णी के दर्शन के बाद ये लोग कांगड़ा के लिए रवाना हुए। इसी बीच बनखंडी के मुख्य बाजार के पास वाहन बेकाबू होकर पेड़ से टकरा गया।
हादसे में उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की तहसील सियाणा के गांव गजरेड़ा के महिंदर सिंह की पत्नी माया देवी की मौके पर ही मृत्यु हो गई। हादसे के समय वह चालक के साथ वाली सीट पर खिड़की के किनारे बैठी थी। वाहन में सवार अन्य 13 लोगों को मामूली चोट आई हैं। सभी घायलों को सिविल अस्पताल देहरा में पहुंचाया गया।
हादसे की सूचना पुलिस ने वाहन चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर पिकअप ट्राले को कब्जे में ले लिया है। एसपी मयंक चौधरी ने मामले की पुष्टि की है। उनका कहना है कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
प्रशासन चाहे लाख दावे करे, लेकिन लोग सैकड़ों किलोमीटर दूर से मालवाहकों में सवार होकर हिमाचल पहुंच रहे हैं। मालवाहक में यात्रा न सिर्फ कानून का उल्लंघन है, बल्कि जान पर भी बड़ा खतरा बना रहता है। बनखंडी के हादसे का शिकार हुआ वाहन भी मालवाहक ही है।
नियम के अनुसार चालक के साथ सिर्फ एक व्यक्ति उसमें सवार हो सकता है, लेकिन इसमें 15 लोग सवार थे। इसके पीछे फट्टे लगाकर एक और मंजिल बनाई गई थी। यह चलन पुराना है।
पंजाब समेत कई पड़ोसी राज्यों से लोग सस्ते सफर के चक्कर में मालवाहक में सवार होकर यात्रा पर निकल पड़ते हैं। ज्यादा स्पेस बनाने के लिए वाहन की बाडी पर लकड़ी के फट्टे लगाकर एक और मंजिल बना ली जाती है। यानी करीब छह सात लोग ऊपर और इतने ही नीचे दरी बिछाकर बैठ जाते हैं।