कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के सैंज क्षेत्र के दरमेड़ा गांव में पहाड़ी से भारी भूस्खलन होने के बाद डर का माहौल है। एहतियातन गांव के 14 परिवारों के 60 लोगों ने अपने घर छोड़ दिए और सुरक्षित स्थानों पर रिश्तेदारों के घरों में शरण ली है।
प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों के लिए रोपा रेस्ट हाउस में ठहरने की व्यवस्था की गई है। शुक्रवार को यहां पर लैंडस्लाइड हुआ।
उधर, स्थिति का जायजा लेने के लिए सैंज के तहसीलदार रमेश कुमार और पंचायत प्रधान भगत राम मौके पर पहुंचे और हालात की समीक्षा की। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे पहाड़ी इलाकों और खतरे वाले क्षेत्रों से दूर रहें तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन से संपर्क करें।
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में मॉनसून सीजन के 35 दिनों में करीब 1400 करोड़ से अधिक का नुकसान हो चुका है। शुक्रवार शाम तक प्रदेश में 222 सड़कें बाधित थी। उधर, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 26, 30 और 31 जुलाई को राज्य के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है, जबकि 27, 28 और 29 जुलाई को अधिकतर स्थानों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने इन दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।








