हजारों किसान करते हैं खरीफ सीजन में मक्की की खेती, मक्की बीज का सप्लाई ऑर्डर जारी
शिमला । हिमाचल प्रदेश में किसानों को इस बार मक्की के बीज पर सब्सिडी नहीं मिलेगी। राज्य सरकार ने मक्की के बीज पर मिलने वाली सब्सिडी को बंद कर दिया है। जिससे बीज की कीमत बढ़ गई है और किसानों की लागत में इजाफा तय माना जा रहा है।

प्रदेश सरकार की ओर से इस बार मक्की के सिंगल क्रॉस बीज की कीमत 125 रुपये प्रति किलो तय की गई है, जबकि डबल क्रॉस बीज का रेट 100 रुपये प्रति किलो रखा गया है। पिछले साल सिंगल क्रॉस बीज 118 रुपये प्रति किलो और डबल क्रॉस बीज 95 रुपये प्रति किलो की दर से उपलब्ध कराया गया था। उस समय किसानों को प्रति किलो 20 रुपये की सब्सिडी भी मिलती थी, लेकिन इस बार यह सुविधा पूरी तरह समाप्त कर दी गई है। इस फैसले के बाद किसानों को अब पूरा मूल्य अपनी जेब से चुकाना होगा। कृषि विभाग के अनुसार किसानों को मक्की का बीज पांच किलो की पैकिंग में उपलब्ध करवाया जाएगा। ऐसे में एक किसान को बीज खरीदने पर पहले के मुकाबले अधिक खर्च उठाना पड़ेगा।
कृषि विभाग ने जारी किए सप्लाई ऑर्डर
कृषि विभाग के निदेशक डॉ. रविंद्र सिंह जसरोटिया ने बताया कि मक्की के बीज की सप्लाई के लिए ऑर्डर जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस बार सिंगल क्रॉस बीज की कीमत 125 रुपये प्रति किलो और डबल क्रॉस बीज की कीमत 100 रुपये प्रति किलो तय की गई है।
इस बार अच्छी हुई है बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 1 से 7 मई तक प्रदेश में 19.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 26 फीसदी अधिक है। कई जिलों में सामान्य से काफी अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। बिलासपुर में 323 फीसदी, शिमला में 234 फीसदी, सिरमौर में 317 फीसदी और ऊना में 275 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है। वहीं कांगड़ा और मंडी जिलों में भी सामान्य से काफी अधिक वर्षा हुई है। हालांकि चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में बारिश सामान्य से कम रही है। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यदि आने वाले दिनों में मौसम इसी तरह अनुकूल बना रहा तो इस बार मक्की की बुआई का रकबा भी बढ़ सकता है और उत्पादन बेहतर रहने की संभावना है।








