पुरुषों की अपेक्षा छह फीसदी ज्यादा महिला वोट पड़े
शिमला। हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनावों का दूसरे फेज का मतदान संपन्न हो गया। दूसरे चरण में 80 फीसदी मतदान हुआ। सुबह सात बजे से ही बूथों पर मतदाताओं का उमड़ना शुरू हो गया था। दोपहर तीन बजे के बाद भी कई जगहों पर मतदान चलता रहा। दूसरे चरण में प्रदेशभर में 14 लाख 38 हजार 378 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। महिलाओं का मतदान प्रतिशत पुरुषों की तुलना में अधिक बना हुआ है। महिला मतदान 82.37 प्रतिशत जबकि पुरुष मतदान 76 प्रतिशत दर्ज किया गया। 1293 पंचायतों के लिए दूसरे चरण का मतदान आयोजित किया गया।

राज्य चुनाव आयोग से मिली जानकारी के अनुसार 1293 पंचायतों के लिए 6 लाख 99 हजार 704 पुरुष मतदाताओं ने अपने मतों का प्रयोग किया, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या इनसे ज्यादा रही। दूसरे चरण में सात लाख 38 हजार 674 महिला मतदाताओं ने वोट डाले। पुरुषों की तुलना में छह फीसदी ज्यादा महिला वोटरों ने अपने मतों का प्रयोग किया। पंचायत समिति और जिला परिषद के लिए डाले गए मतों की गिनती 31 मई को की जाएगी। उसी दिन इन पदों पर जीत दर्ज करने वाले उम्मीदवारों के नामों की आधिकारिक घोषणा भी होगी। राज्य के नौ जिलों में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष मतदाताओं की अपेक्षा अधिक रही। 2021 में हुए पंचायती राज संस्थाओं के दूसरे चरण के मतदान में 76 फीसदी मतदान हुआ था। इस बार यह चार फीसदी ज्यादा है।

चुनावों में सामने आई छूटपूट घटनाएं
1. सिरमौर जिला के शिलाई की पाब मानल पंचायत के पोलिंग बूथ पर हंगामा हो गया। इस दौरान चुनाव ड्यूटी पर तैनात एक कर्मचारी रोने लग गया।
2. हमीरपुर की ग्राम पंचायत री के वार्ड नंबर-1 कंगरी के ग्रामीणों ने पंचायत चुनाव का बहिष्कार किया। ग्रामीणों का आरोप है कि सालों से क्षेत्र में विकास कार्य नहीं हुए।
3. हमीरपुर जिले के सुजानपुर की दशमल पंचायत निवासी 116 वर्षीय खड़कू राम ने भी मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डाला।
जिलावार कुछ इस तरह रही वोटिंग प्रतिशत
जिलावार आंकड़ों में कुल्लू सबसे आगे रहा जहां 86 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। वहीं लाहौल-स्पीति जिले में सबसे कम 69.40 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके अलावा बिलासपुर में 79 प्रतिशत, चंबा में 78 प्रतिशत, हमीरपुर में 75 प्रतिशत, कांगड़ा में 76 प्रतिशत, मंडी में 81 प्रतिशत, शिमला में 81 प्रतिशत, सिरमौर में 85 प्रतिशत, किन्नौर में 76 फीसदी मतदान, सोलन में 84 प्रतिशत और ऊना जिले में 80 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ।








