शिमला। हिमाचल सरकार ने पंचायत चुनाव को देखते हुए राज्य में तीन चरणों के दौरान अवकाश घोषित किया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार- 26 मई (पहला चरण), 28 मई (दूसरा चरण) और 30 मई (तीसरा चरण) को प्रदेशभर में पेड हॉलिडे रहेगा।

इन तिथियों पर राज्य के सभी सरकारी कार्यालय, बोर्ड, निगम, शैक्षणिक संस्थान और औद्योगिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आने वाली दुकानों और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों पर भी यह आदेश लागू होगा। दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को भी इन दिनों का भुगतान किया जाएगा।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि कुल्लू जिले के नग्गर ब्लॉक के करजान और सोयल, आनी ब्लॉक के जबान और नमहोग ग्राम पंचायतों में यह चुनाव कार्यक्रम लागू नहीं होगा। इसके अलावा, जो कर्मचारी अपने कार्यस्थल से अलग स्थान पर कार्यरत हैं, लेकिन मतदान का अधिकार रखते हैं, उन्हें मतदान के लिए विशेष आकस्मिक अवकाश दिया जा सकता है। इसके लिए संबंधित प्रीसाइडिंग ऑफिसर से मतदान करने का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।








