ऊना में मुकेश, चंबा में विस अध्यक्ष दिलाएंगे शपथ, लाहौल स्पीति-किन्नौर में अभी नहीं होगी शपथ
शिमला । हिमाचल प्रदेश की ग्राम पंचायतों में नवनिर्वाचित प्रधानों और उपप्रधानों के शपथ ग्रहण समारोह आज होगा। प्रदेश की कुल 3758 पंचायतों में से 3658 पंचायतों के प्रधानों और उपप्रधानों को जिला स्तर पर शपथ दिलाई जाएगी। इसके लिए पंचायती राज विभाग ने विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। खास बात यह है कि शपथ दिलाने वाले मंत्रियों की सूची में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह का नाम शामिल नहीं है। प्रदेश में कुल्लू जिले की चार पंचायतों का कार्यकाल वर्ष 2027 में समाप्त होना है, इसलिए वहां चुनाव नहीं करवाए गए। इसके अलावा लाहौल-स्पीति के लाहुल क्षेत्र और चंबा जिले के पांगी उपमंडल की कुल 56 पंचायतों में पहली बैठक 18 अक्तूबर को होगी। इन पंचायतों को छोड़कर शेष पंचायतों के प्रधानों और उपप्रधानों को सोमवार को शपथ दिलाई जाएगी।

सीएम कांगड़ा में 18 जून को दिलाएंगे शपथ
पंचायती राज विभाग की अधिसूचना के अनुसार कांगड़ा जिले में मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण समारोह की अध्यक्षता करेंगे। हालांकि सीएम सुक्खू के कार्यक्रम में बदलाव हुआ है। सुक्खू कांगड़ा जिला में 18 जून को प्रधान-उपप्रधानों को शपथ दिलाएंगे। इसके अलावा चंबा में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, ऊना में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, जबकि सोलन में स्वास्थ्य एवं सामाजिक न्याय मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को शपथ दिलाएंगे। इसी प्रकार कुल्लू और लाहुल-स्पीति के निर्वाचित प्रधानों एवं उपप्रधानों को कुल्लू में कृषि एवं पशुपालन मंत्री चंद्र कुमार शपथ दिलाएंगे। सिरमौर में उद्योग एवं संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान, किन्नौर में राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी तथा शिमला में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर समारोह में मुख्यातिथि होंगे।
समारोहों में सांसदों, विधायकों को प्रोटोकॉल के तहत किया जाएगा आमंत्रित
मंडी जिले में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, बिलासपुर में तकनीकी शिक्षा एवं नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी तथा हमीरपुर में आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा शपथ ग्रहण करवाएंगे। जिला स्तरीय समारोहों का स्थान और समय संबंधित उपायुक्त स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार तय करेंगे। समारोहों में सांसदों, विधायकों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों को प्रोटोकॉल के तहत आमंत्रित किया जाएगा।
27 जून से मिलेगा मानदेय
प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों की पहली बैठक 27 जून को आयोजित होगी। इसी दिन से प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों को मानदेय मिलना शुरू हो जाएगा। वार्ड पंचों को शपथ संबंधित पंचायतों के प्रधान पहली बैठक के दौरान दिलाएंगे।
पंचायतों में रफ्तार पकड़ेंगे विकास कार्य
पंचायत प्रधान-उप प्रधानों की शपथ के बाद अब ग्रामीण क्षेत्रों में रूके विकास कार्यों को भी रफ्तार मिलेगी। वहीं केंद्र व राज्य सरकार द्वारा प्रायोजित योजनाओं के तहत ग्रामीण क्षेत्रों को बजट भी जारी हो जाएगा।








