491 पुरूष, 243 महिला कांस्टेबल के भरे जाएंगे पद, अभ्यार्थिंयों से ऑनलाइन मांगे आवेदन
शिमला। प्रदेश के युवाओं के लिए पुलिस विभाग में नौकरी करने का सुनहरा अवसर मिला है। प्रदेश लोक सेवा आयोग ने पुलिस विभाग में कांस्टेबल भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। आयोग ने कुल 734 पदों पर ऑनलाइन भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इनमें 491 पद पुरुष कांस्टेबल और 243 पद महिला कांस्टेबल के हैं।

ऑनलाइन भर्ती आवेदन प्रक्रिया 10 जुलाई को रात 12 बजे से शुरू होगी और 6 अगस्त को रात 12 बजे तक चलेगी। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। निर्धारित तिथि के बाद आवेदन लिंक स्वत: बंद हो जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को लेवल 3 वेतनमान 20 हजार 200 से 64 हजार लेवल 3 के तहत नियुक्ति दी जाएगी। भर्ती में सामान्य, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, बीपीएलए, होमगार्ड, वार्ड ऑफ एक्स, सर्विसमैन तथा वूमेन फ्रीडम फाइटर सहित विभिन्न श्रेणियों के लिए आरक्षित पद शामिल हैं।
केवल ऑनलाइन माध्यम से ही होगा आवेदन
आयोग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। किसी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन सीधे अस्वीकार कर दिए जाएंगे। अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र अंतिम रूप से जमा करने से पहले सभी विवरणों की सावधानीपूर्वक जांच करने की सलाह दी गई है, क्योंकि आवेदन जमा होने के बाद किसी भी प्रकार का संशोधन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
महिलाओं को मिलेगा 20 फीसदी आरक्षण
हजारों की संख्या में युवा पुलिस भर्ती का इंतजार कर रहे थे। लंबे समय से युवा पुलिस भर्ती के लिए ग्राउंड टैस्ट की तैयारियां भी कर रहे थे। इस भर्ती में भी सरकार ने महिलाओं को 20 फीसदी आरक्षण दिया है। यानि कि अब महिलाओं को भी खाकी पहनने का ये अवसर सरकार की ओर से कांस्टेबल भर्ती में दिया जा रहा है।








