हमीरपुर।हमीरपुर में शनिवार को बीजेपी और कांग्रेस में खूब जुबानी हमले हुए। कांग्रेस ने बीजेपी को गुटबाजी को लेकर घेरा वहीं, बीजेपी ने भी सरकार पर पलटवार किया।
पहले हमीरपुर पहुंचे सीएम सुक्खू ने अनुराग सिंह ठाकुर के ‘पांच पांडव’ वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि उनके ब्यान से ये साफ होता है कि बीजेपी स्वयं मान रही है कि हिमाचल प्रदेश में उनकी पार्टी पांच गुटों में बंटी हुई है। पांडवों ने हमेशा समाज की रक्षा एवं कल्याण के लिए कार्य किया, लेकिन भाजपा नेताओं ने अपने दायित्वों का पालन करने में रुचि नहीं दिखाई। हिमाचल भाजपा के ये पांच गुट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने में भी असफल रहे हैं।
वहीं, शाम को नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर देर शाम सर्किट हाउस पहुंचे। यहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के दिए बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि ‘उनके मुताबिक बीजेपी टुकड़ों में बंटी है, लेकिन हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस चकनाचूर हो चुकी है। टुकड़ों को तो जोड़ा जा सकता है, लेकिन चूरे को समेटना मुश्किल हो जाएगा।
जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के सांसदों के आग्रह पर ही देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल प्रदेश आए और आपदा से प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया और हिमाचल प्रदेश की 1500 करोड़ रुपये की मदद की। लेकिन, मुख्यमंत्री सुक्खू ने प्रधानमंत्री का आभार जताने कि बजाए इसे ऊंट के मुंह में जीरा देने का बयान दिया था। जैसे देश में कांग्रेस राज्यों से विलुप्त हो रही है उसी तर्ज पर हिमाचल प्रदेश में भी कांग्रेस पूरी तरह से समाप्त हो जाएगी, जिसके जिम्मेदार मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू होंगे।’
वोट चोरी को बताया निरधार
बिहार के चुनाव पर प्रतिक्रिया देते हुए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि बिहार में एनडीए फिर से सरकार बनाएगी, लेकिन विपक्ष ने बिहार में वोट चोरी का जो मुद्दा छेड़ा है, वो निराधार है। राहुल गांधी चुनाव हारने से पूर्व ही हार का बहाना ढूंढ लेते हैं। पहले ईवीएम अब फर्जी वोटर के नाम पर लोगों को गुमराह करने का काम किया जा रहा है।
जयराम ठाकुर का यह बयान न केवल कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला है, बल्कि हिमाचल की मौजूदा सियासत की दिशा भी दर्शाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बीजेपी में मतभेद या असहमति भले सामने आएं, लेकिन पार्टी की जड़ें मजबूत हैं और कार्यकर्ता एक लक्ष्य के लिए समर्पित हैं, इसलिए बीजेपी दोबारा मजबूती से खड़ी हो सकती है।
वहीं, कांग्रेस पर निशाना साधते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि वहां हालात इतने बिखरे हैं कि पार्टी अब “चूरे” की तरह हो चुकी है, जिसे समेटना किसी के बस की बात नहीं। यह टिप्पणी कांग्रेस के अंदर चल रही गुटबाजी और नेतृत्व संकट पर भी सीधा तंज है।
राजनीतिक जानकार मानते हैं कि जयराम ठाकुर का यह बयान आगामी चुनावी तैयारियों का हिस्सा है और इससे हिमाचल की राजनीति में नया सियासी माहौल बनने के संकेत मिल रहे हैं।