धर्मशाला। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कांगड़ा दौरे से पहले सोमवार को धर्मशाला पहुंचकर कांग्रेस की सुक्खू सरकार पर जमकर हमला बोला है। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार आपदा में भी झूठ का सहारा ले रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 से लेकर अब तक केंद्र से हिमाचल को 5000 करोड़ के करीब की राहत मिल चुकी है जिसमें एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की राशि भी शामिल है।
आपदा में झूठ बोलने का आरोप
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री और सरकार में कुछ मंत्री झूठ पर झूठ बोले जा रहे हैं। आपदा पर राजनीति की बात करने वाली कांग्रेस को यह भी बताना पड़ेगा कि वर्ष 2023 में 4500 करोड़ के पैकेज की घोषणा के बावजूद अभी तक कितना पैसा सरकार ने आपदा प्रभावितों के लिए खर्च किया है। उन्होंने कहा कि जहां तक बात केंद्र की मोदी सरकार की तरफ से मिली 5000 करोड़ की राहत की बात है तो उसमें से भी पात्र व्यक्तियों को क्या सही मायने में धनराशि मिल पाई है, यह एक बड़ा सवाल है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में आई भीषण आपदा को मद्देनजर रखते हुए प्रधानमंत्री खुद कांगड़ा पहुंच रहे हैं। इस दौरान सरकार भी उनके समक्ष अपना पक्ष रखेगी और बतौर नेता प्रतिपक्ष वह भी प्रदेश में नुकसान के बारे में प्रधानमंत्री को अवगत करवाएंगे। उन्होंने कहा कि यह समय राजनीति का नहीं है।
हिमाचल को तबाही से उबारने को विपक्ष हमेशा तैयार
जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में इस बार बरसात में जिस तरह से भीषण तबाही हुई है उसके लिए विपक्ष और सत्ता पक्ष को एक साथ काम करना है और इसके लिए विपक्ष हमेशा तैयार रहा है। विधानसभा सत्र में प्रदेश को आपदा ग्रस्त राज्य घोषित करने के प्रस्ताव को लेकर भी विपक्ष ने अपना पूरा समर्थन दिया है। यही नहीं वह खुद दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री से मिले हैं। इसके अलावा सभी सांसदों के साथ केंद्रीय मंत्रियों के साथ भी मुलाकात कर हिमाचल में हुई तबाही के बात उनके समक्ष उठाई है।
उन्होंने कहा कि यह समय राजनीति का नहीं है। प्रदेश में भारी बरसात से हजारों लोगों के घर, खेत, बागीचे और व्यापार सब तबाह हो गया है। 350 से अधिक लोगों की जिंदगी चली गई। ऐसे में इस समय हम सभी को उन लोगों के लिए काम करना है जिन्होंने अपना सब कुछ खो दिया है।