हमीरपुर : हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शनिवार को यहां आयोजित कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से कहा कि मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द ही किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हाल में उन्होंने मंत्रिमंडल विस्तार पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से बातचीत की है। उल्लेखनीय है कि मंत्रिमंडल विस्तार के अटकलों के बीच दो दिन पहले ठाकुर की नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात हुई थी। मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान दो मंत्री पदों को भरा जाएगा जो कई महीनों से खाली हैं। राज्य के ऊर्जा मंत्री रहे अनिल शर्मा के बेटे आश्रय ने इस साल हुए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट से लड़ा था जिसके बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। शर्मा ने मंडी लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी राम स्वरूप शर्मा के पक्ष में प्रचार करने से भी इनकार कर दिया था।
धर्मशाला के विधायक रहे और राज्य के जन आपूर्ति मंत्री किशन कपूर ने मई में कांगड़ा लोकसभा सीट से निर्वाचित होने के बाद मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिया था। अपृष्ठ खबर है कि मंत्रिमंडल में नए चेहरों को जगह देने के लिए एक या दो मंत्रियों को हटाया जा सकता है। ठाकुर ने महाराष्ट्र का दोबारा मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर देवेंद्र फड़णवीस को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) द्वारा नई सरकार पर लगाए आरोप गलत हैं क्योंकि राज्यपाल ने नियमों के मुताबिक भाजपा को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया था। इससे पहले मुख्यमंत्री ने जगदेव चंद स्मारक शोध संस्थान (हमरीपुर) और हिमाचल कला, संस्कृति एवं भाषा अकादमी की ओर से आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में ऋषि परंपरा के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया।