हिमाचल दस्तक। नाहन
विद्युत बोर्ड मुख्यालय कुमार हाउस शिमला में हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड कर्मचारी संघ (Himachal Pradesh State Electricity Board Employees Union) के 19 जुलाई को प्रस्तावित धरना प्रदर्शन में हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड तकनीकी कर्मचारी संघ जिला सिरमौर से भारी संख्या में कर्मचारी भाग लेंगे।
शनिवार को नाहन में जारी बयान में संघ के जिलाध्यक्ष धनवीर सिंह और जिला सचिव रणवीर सिंह ठाकुर ने बताया कि प्रस्तावित धरना प्रदर्शन में भारी संख्या में कर्मचारी शिमला पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर संघ और विद्युत प्रबंधक बोर्ड के बीच 4 बार वार्ता हो चुकी है, मगर अभी तक उन्हें लागू नहीं किया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रबंधक वर्ग और कर्मचारी संघ के बीच 18 मांगों को लेकर सहमति बनी थी, मगर 2 वर्ष बीत जाने के बाद अभी तक उन मांगों को लागू करने के आदेश बोर्ड ने जारी नहीं किए हैं। इसके चलते कर्मचारियों में भारी रोष है।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि 21 जनवरी, 2019 को नगरोटा बगवां में हुए संघ के अधिवेशन में पूर्व ऊर्जा मंत्री ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की थी।
इसमें विद्युत बोर्ड में कार्यरत जूनियर टीममेट से टीममेट बनने की अवधि 5 से 3 वर्ष करने, जेनरेशन और ऑपरेशन विंग में कार्यरत सभी कर्मचारियों को मोबाइल भत्ता देने, सब स्टेशन अंटेंडेंट (नॉन आईटीआई) से जेई सब स्टेशन की समय अवधि 10 वर्ष से 5 वर्ष करने, ऑटो इलेक्ट्रिशियन और एम एंड टी इलेक्ट्रिशियन (नॉन आईटीटाई) से फोरमैन 10 से 5 वर्ष करने सहित इलेक्ट्रिशियन, फीटर, हेल्पर सब स्टेशन और स्टोर कीपर के पद पर आई वेतन विसंगतियों को दूर करना शामिल था।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि तकनीकी कर्मचारियों के करीब 5500 पद लगातार रिक्त चल रहे हैं। तकनीकी कर्मचारी दिन-रात इस वैश्विक महामारी में प्रदेश के करीब 24 लाख उपभोक्ताओं को सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद बोर्ड प्रबंधक और हिमाचल सरकार विद्युत कर्मचारियों की अनदेखी कर रही है।
सरकार का 3 वर्ष से अधिक का कार्यकाल बीत चुका है, मगर विद्युत बोर्ड कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सर्विस कमेटी की एक भी बैठक अभी तक नहीं बुलाई गई है। इसके विरोध में 19 जुलाई को प्रदेश विद्युत बोर्ड प्रबंधक मुख्यालय में धरना प्रदर्शन किया जा रहा है।