शिमला। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है। कुल्लू जिले में गुरुवार दोपहर अचानक तेज बारिश हुई, जबकि रोहतांग दर्रा और ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी दर्ज की गई। पालमपुर, कांगड़ा धर्मशाला में बारिश हुई, वहीं पालमपुर में बारिश के साथ भारी ओलावृष्टि हुई है। पिछले कुछ दिनों से साफ मौसम के कारण बढ़ी गर्मी से लोगों को राहत मिली है।

12 व 13 जून को भारी बारिश के आसार
पर्यटकों ने भी बदले मौसम का भरपूर आनंद उठाया। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 12 और 13 जून को प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 14 से 17 जून तक भी कुछ स्थानों पर बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी के भी आसार हैं।
2 दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों के कुछ क्षेत्रों के लिए आज और कल अंधड़ तथा ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है। बीते 24 घंटों में सराहन में सबसे अधिक 40.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा ददाहू में 8.0, सलूणी में 3.2, चंबा में 2.0, नाहन में 1.2 तथा धौलाकुआं और भरमौर में 1-1 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
न्यूनतम तापमान में आई गिरावट
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार से पांच दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों के न्यूनतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। वहीं अधिकतम तापमान में भी अगले तीन से चार दिनों के दौरान 3 से 8 डिग्री सेल्सियस तक कमी आने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से और राहत मिलेगी। विभाग के विस्तारित पूर्वानुमान के अनुसार 19 से 25 जून के दौरान भी प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। हालांकि इस अवधि में प्रदेशभर में सामान्य से कम वर्षा होने का अनुमान जताया गया है।








