हिमाचल दस्तक। शिमला
शिमला में बारिश का असर पेयजल आपूर्ति पर पड़ रहा है। पेयजल परियोजनाओं में भारी बारिश से गाद आ गई है। जिससे गुम्मा व गिरी परियोजना से पेयजल सप्लाई पूरी तरह से ठप हो गई है। जिस कारण शहर में आगामी कुछ दिनों तक जल संकट गहरा सकता है। बीते तीन दिन से लगातार हो रही बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
सोमवार रात हुई भारी बारिश से गुम्मा में सुबह करीब 8 बजकर 40 मिनट पर 6550 एनटीयू गाद रिकॉर्ट की गई है। ऐसे में अब गाद को साफ करने में समय लगने वाला है। जब तक पानी को साफ नहीं किया जाता तब तक इन परियोजनाओं से पेयजल सप्लाई ठप रहेगी। चाबा व नौटीखड्ड में पानी पूरी तरह से मटमैला हो गया है। हालांकि मंगलवार को दिन तक बारिश का दौर जारी रहा। लेकिन दोपहर के समय कुछ समय के लिए बारिश रुक गई।
इस दौरान कंपनी ने गाद को साफ करने का कार्य शुरु किया। अगर आगामी दिनों में बारिश का दौर लगातार जारी रहा तो शहर में लोगों की दिक्कतें बढ़ सकती हैं। शहर में लोगों को आगामी दिनों में चौथे दिन पानी मिल सकता है। अगर यही हालात जारी रहे तो सप्लाई के लिए लोगों को इससे ज्यादा समय का इंतजार भी करना पड़ सकता है। इसकी सीधा असर लोगों की दैनिक जरुरतों पर पड़ेगा।
उधर पेयजल कंपनी ने लोगों से जरुरत के हिसाब से पानी का इस्तेमाल करने की अपील दी है। साथ ही पानी को 10 मिनट उबालकर पीने की सलाह दी है।
गाद साफ करने में जुटा एसजेपीएनएल
गुम्मा से गाद हटाने में एसजेपीएनएल के कर्मचारी जुटे गए हैं। जैसे ही स्थिति सामान्य होती है, बारिश का सिलसिला शुरू हो जाता है मशीन 3000 एनटीयू तक ही गाद हटाती है। फिलहाल परियोजना में 6550 एनटीयू गाद आई है। जिससे पानी लिफ्ट नहीं हो रहा है। इसके लिए लेबर लगाकर काम किया जा रहा है।
एसजेपीएनएल के एमडी विरेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि शहर में तय शेड्यूल के मुताबिक पानी की सप्लाई देने की कोशिश की जा रही है। परियोजनाओं में गाद आ गई है। लेकिन इसे साफ करवाया जा रहा है। साफ करवाने के बाद पानी की पंपिंग शुरु हो जाएगी। बरसात के मौसम में लोग पानी को उबालकर ही पीएं।








