शिमला। राज्य स्तरीय शिक्षक दिवस समारोह पांच सितंबर को होटल पीटरहॉफ शिमला में मनाया जाएगा। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर शिक्षकों को सम्मानित करेंगे। कॉलेज शिक्षकों को पहली बार पुरस्कार दिया जा रहा है। बुधवार को शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने राजभवन जाकर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल को समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने के लिए न्योता दिया।
शिक्षा मंत्री ने राज्यपाल को समारोह की तैयारियों से भी अवगत करवाया। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर अधोसंरचना और स्कूलों में डिजिटल शिक्षा सुविधाओं को सुदृढ़ करने के प्रयासों के बारे में विस्तार से बताया। राज्यपाल ने शिक्षा विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा, सामाजिक और राष्ट्रीय विकास की आधारशिला है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल सदैव अपनी समृद्ध शिक्षण परंपराओं के लिए जाना जाता रहा है और आज के समय में विद्यार्थियों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए शिक्षा प्रणाली को और सुदृढ़ करना आवश्यक है। बैठक में शिक्षा क्षेत्र की चुनौतियों और संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई।








