लाहौल-स्पीति/कुल्लू: हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है। प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति की लाहौल घाटी में बीते दिन से बर्फबारी का दौर जारी है। वहीं, आज पर्यटन नगरी मनाली के कोठी, रोहतांग पास, अंजनी महादेव की पहाड़ियों पर भी बर्फबारी हो रही है। जिससे इलाके में ठंड बढ़ गई है। वहीं, प्रदेश के निचले व मध्य पर्वतीय इलाकों में भी बारिश का दौर जारी है।
मनाली में खिले पर्यटन कारोबारियों के चेहरे
वहीं, मनाली के मंदे पड़े पर्यटन कारोबार के लिए भी बर्फबारी संजीवनी का काम करेगी। बर्फबारी के होने से पर्यटन कारोबारियों के चेहरे भी खुशी खिल गए हैं। बरसात के मौसम के बाद से ही मनाली का पर्यटन कारोबार ठप पड़ा हुआ था। अब बर्फबारी होने से यहां पर सैलानियों की भी आवाजाही बढ़ेगी और पर्यटन कारोबारी को भी बर्फबारी के बाद मंदी का सामना नहीं करना पड़ेगा। मनाली में पर्यटकों की रौनक एक बार फिर वापस लौट आएगी।
लाहौल में किसानों-बागवानों की बढ़ी मुसीबत
वहीं, लाहौल घाटी की बात करें तो यहां बीते दिन भी बर्फबारी हुई थी और बीती रात से बर्फबारी का दौर लगातार जारी है। ऐसे में लाहौल घाटी में इन दिनों किसानों द्वारा खेतों से आलू भी निकाले जा रहे हैं, जिससे किसानों का कार्य प्रभावित हुआ है। लाहौल घाटी में सेब के पेड़ों से भी पत्ते अभी नहीं झड़े हैं। बर्फ के चलते सेब के पेड़ों को भी नुकसान हो सकता है। जिसके चलते घाटी के किसान और बागवान भी परेशानी में पड़ गए हैं।
“फिलहाल अटल टनल से होते हुए लाहौल घाटी की ओर गाड़ियों की आवाजाही जारी है, लेकिन रोहतांग दर्रा होते हुए गाड़ियों की आवाजाही को फिलहाल रोक दिया गया है.” – केडी शर्मा, डीएसपी मनाली
मनाली में फिर पर्यटकों से गुलजार होगी घाटी
वहीं, पर्यटन नगरी मनाली की बात करें तो बर्फबारी की सूचना मिलने के बाद बाहरी राज्यों से भी सैलानी ट्रैवल एजेंसी के संचालकों से पूछताछ करने में जुट गए हैं। इसके अलावा वोल्वो बस भी बरसात के मौसम के बाद एक बार फिर से मनाली तक आना शुरू हो गई है। ऐसे में अब बर्फबारी देखने के लिए सैलानी जल्द ही मनाली का भी रुख करेंगे और पर्यटन नगरी फिर से पर्यटकों से गुलजार होगी।