16 से 19 अप्रैल को होगी बारिश
शिमला। हिमाचल प्रदेश में आज भी मौसम साफ बना रहेगा। कल और परसों दोबारा से प्रदेश में बारिश, बर्फबारी के आसार है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 16 अप्रैल को फ्रेश वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो रहा है। जिसका असर अगले तीन दिनों तक दिखेगा। 16 अप्रैल को अधिक ऊंचे पहाड़ों पर हल्की बूंदाबांदी की संभावना है, जबकि 17 को अधिक ऊंचे और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है।

आंधी और तूफान की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 18 व 19 अप्रैल को वेस्टर्न डिस्टरबेंस ज्यादा एक्टिव होगा। इस दिन पूरे प्रदेश में भारी बारिश होगी। मौसम विज्ञान केंद्र ने 17 से 19 अप्रैल तक आंधी तूफान की चेतावनी भी जारी की गई है। इस दौरान 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। आईएमडी के मुताबिक आज पूरे प्रदेश में मौसम साफ बना रहेगा। इससे अगले 48 घंटों के दौरान तापमान में भी हल्का उछाल आएगा, मगर 16 अप्रैल के बाद तापमान में गिरावट आना शुरू होगी। प्रदेश के अधिकांश शहरों का न्यूनतम और अधिकतम तापमान अभी भी सामान्य से नीचे चल रहा है।
प्रदेश का ये रहा तापमान
चंबा का अधिकतम तापमान सामान्य से 5.7 डिग्री कम के साथ 27.2 डिग्री, नाहन का नॉर्मल से 3.3 डिग्री कम के साथ 27.9 डिग्री, मंडी का 2.8 डिग्री कम के साथ 29.9 डिग्री सेल्सियस चल रहा है। बीते 24 घंटों के दौरान केलांग का सबसे कम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि सबसे अधिकतम तापमान पावंटा साहिब का 33 डिग्री दर्ज किया गया है।
अप्रैल में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज
प्रदेश में इस बार अप्रैल माह में सामान्य से काफी अधिक बारिश दर्ज की गई है। 1 से 13 अप्रैल के बीच जहां सामान्य तौर पर 27 मिलीमीटर बारिश होती है, लेकिन इस बार अबतक 57.9 मिलीलीटर बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है, जो सामान्य से 114 फीसदी अधिक है।








