मौसम विज्ञान केन्द्र ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट, चंबा व कांगड़ा में भी कई स्थानों होगी बारिश
शिमला। हिमाचल प्रदेश में कुल्लू, मंडी व शिमला में शुक्रवार को आंधी के साथ भारी बारिश व ओलावृष्टि होगी। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के उक्त तीन जिलों में बारिश व ओलावृष्टि होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा चंबा व कांगड़ा में भी कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। प्रदेश में 20 से 22 जून तक मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान यहां पर अंधड़ के साथ बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि पहाड़ों पर 24 जून तक मौसम खराब बना रहेगा। मगर मैदानों में 23 व 24 जून को मौसम साफ बना रहने की संभावना जताई जा रही है।

आज प्रदेश में शाम के समय तापमान में आई गिरावट
प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में मौसम विज्ञान केन्द्र द्वारा गुरूवार को भारी बारिश के साथ आंधी व ओलावृष्टि होने का आरेंज अलर्ट जारी किया गया था। मगर प्रदेश में दोपहर तक मौसम साफ बना रहा और तेज धूप खिली रही। मगर दोपहर बाद आसमान में काले बादल घिरने शुरू हो गए थे। प्रदेश के कुल्लू, मंडी, शिमला व चंबा में कई स्थानों पर शाम के समय तेज बारिश भी रिकॉर्ड की गई है। बारिश होने से प्रदेश में शाम के समय तापमान में गिरावट रिकॉर्ड की गई है। तापमान में एक डिग्री से ज्यादा की गिरावट आंकी गईहै। हालांकि प्रदेश में तेज धूप के खिलने से दिन के समय गर्मी का प्रकोप देखा गया। लेकिन बारिश होने के बाद ठंड का एहसास होते हुए दिखा।
बीते 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर हुई बारिश
प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान भी कई स्थानों पर बारिश हुई है। राजगढ़ में सबसे ज्यादा बारिश आंकी गई है। यहां पर 45.0 मिलीमीटर बारिश हुईहै। इसके अलावा जुब्बल हट्टी में 25.2, जिला शिमला के सराहन में 25.0, जोत में 20.8, बागी में 18.0, सुंदरनगर में 17.3, रामपुर में 16.6, मुरारी देवी में 15.2 और मंडी में 14.4 मिलीमीटर बारिश हुई है। बारिश होने से न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है। तापमान में गिरावट आने से पहाड़ों पर ठंड का एहसास होने लगा है। किन्नौर, लाहौल स्पीति, चंबा, शिमला व कुल्लू के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अभी से ही सुबह व शाम के समय ठंड का प्रकोप दिखने लगा है।
शुक्रवार से आंधी के साथ तेज बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक कुल्लू, शिमला व मंडी में शुक्रवार को आंधी के साथ तेज बारिश होगी। कई क्षेत्रों में भारी ओलावृष्टि होने का भी अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में 20 से 22 जून तक भी तेज बारिश के साथ तूफान चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 23 व 24 जून को भी पहाड़ों पर बारिश होगी। मगर इस दौरान मैदानों में मौसम साफ बना रहेगा।








