3200 मीट्रिक टन के मुकाबले 4567.50 टन गेहूं खरीदा, निर्धारित लक्ष्य से 43 प्रतिशत ज्यादा हुई खरीददारी
शिमला। हिमाचल प्रदेश में कृषि विभाग ने गेहूं की सरकारी खरीद मेें नया रिकॉर्ड बनाया है। 2026-27 के लिए सरकार ने 3200 मीट्रिक टन गेहूं खरीदने का लक्ष्य निर्धारित किया था, जबकि विभिन्न खरीद केंद्रों के माध्यम से 4567.50 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की गई है। यह निर्धारित लक्ष्य से 43 प्रतिशत ज्यादा है।
सरकार ने किसानों से गेहूं की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2585 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की। इस खरीद अभियान से राज्य के 1030 किसानों को लाभ मिला तथा उन्हें कुल 11.80 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। जिलावार आंकड़ों के अनुसार कांगड़ा जिले में निर्धारित 1850 मीट्रिक टन लक्ष्य के मुकाबले 1515.65 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई, जोकि लक्ष्य का 82 प्रतिशत रही।

सिरमौर में 1977.70 मीट्रिक टन हुई खरीद
सिरमौर जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 1000 मीट्रिक टन लक्ष्य के मुकाबले 1977.70 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा, जो लक्ष्य का 198 प्रतिशत है। पांवटा साहिब केंद्र में अकेले 1563.45 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई, जबकि धौलाकुआं खरीद केंद्र पर 414.25 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की गई है।
सोलन में 603.80 मीट्रिक टन खरीदा गेहूं
सोलन जिले में 150 मीट्रिक टन लक्ष्य के मुकाबले 603.80 मीट्रिक टन खरीद दर्ज की गई, जो 403 प्रतिशत रही। मार्किट यार्ड नालागढ़ खरीद केंद्र में 500 व बद्दी औद्योगिक शैड खरीद केंद्र में 103.80 मीट्रिक टन खरीद की गई।
ऊना में 470.35 मीट्रिक टन हुई खरीद
ऊना जिले में 200 मीट्रिक टन लक्ष्य के मुकाबले 470.35 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया और उपलब्धि 235 प्रतिशत रही। जिला में एपीएमसी रामपुर खरीद केंद्र में 197.80 व मार्किट यार्ड टकराला खरीद केंद्र में 470.35 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की गई।








