रमन शर्मा। शिमला
पूरे प्रदेश में लॉकडाउन नहीं होगा। लॉकडाउन केवल कंटेनमेंट जोन में ही लागू होगा। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कही। उन्होंने कहा कि जहां-जहां जरूरत होगी, वहां पर कोरोना को बढ़ाने से रोकने के लिए प्रदेश सरकार और सख्ती कर सकती है। उन्होंने कहा कि देश अब अनलॉकडाउन-3 की ओर जा रहा है, तो प्रदेश कैसे लॉकडाउन की ओर जा सकता है?
प्रदेश में कोरोना के मामले लगातार बढऩे के बाद लोगों में इस बात के कयास लगाए जा रहे थे कि हिमाचल में फिर से लॉकडाउन लगेगा। इससे व्यापारी और अन्य निजी व्यवसाय करने वाले चिंतित हो गए थे। सोशल मीडिया पर इसके पक्ष और विपक्ष में जोरदार बहस चल रही थी। सरकार ने लोगों से जब राय मांगी तो अटकलों का बाजार और तेजी से गर्म होने लगा। मुख्यमंत्री के बयान के बाद अब स्थिति स्पष्ट हो गई है।