राज्य बिजली बोर्ड लिमिटेड की जेई, एएई एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को राज्य अध्यक्ष इंजीनियर मुकेश राठी की अध्यक्षता में बोर्ड के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर से मिला। बैठक के दौरान एसोसिएशन ने अपना 26 सूत्रीय मांगपत्र प्रबंधन को सौंपते हुए महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की।
फील्ड समस्याओं पर जताई चिंता
बैठक में राठी ने फील्ड में तैनात जूनियर इंजीनियरों को पेश आ रही चुनौतियों को विस्तार से रखा। उन्होंने बताया कि फील्ड स्तर पर सामग्री और स्टाफ की भारी कमी के कारण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि ट्रांसफॉर्मर डैमेज की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं वहीं ट्रांसफॉर्मर ऑयल की कमी के चलते रिपेयर कार्य प्रभावित हो रहा है। कई बार कर्मचारियों को अपने निजी खर्च से ट्रांसफॉर्मर रिपेयर करवाना पड़ रहा है जबकि आवश्यक सामग्री उपलब्ध नहीं है।
जेई की वित्तीय शक्तियां बढ़ाने की मांग
एसोसिएशन ने फील्ड स्तर पर कार्यों के त्वरित निपटारे के लिए जेई व एएई की वित्तीय शक्तियों में वृद्धि करने की मांग की। इसके साथ ही कई अन्य मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए गए। डिप्लोमा होल्डर जूनियर इंजीनियरों के प्रमोशन कोटा में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न करने की मांग रखी गई।
पेट्रोल रीइम्बर्समेंट की मांग
साथ ही फील्ड ड्यूटी के लिए 30 लीटर पेट्रोल रीइम्बर्समेंट की मांग की। इलेक्ट्रोक्यूशन मामलों में कर्मचारियों के नाम पर एफआईआर दर्ज होने की समस्या को उठाते हुए कहा गया कि चूंकि जेई बिजली बोर्ड की ओर से कार्य करता है इसलिए एफआईआर विभाग पर दर्ज होनी चाहिए न कि कर्मचारी पर। सेक्शन स्तर पर कंप्यूटर, प्रिंटर और इंटरनेट कनेक्टिविटी उपलब्ध करवाने की मांग भी रखी गई। बैठक के अंत में प्रबंधन ने मांगपत्र में उठाए गए सभी मुद्दों पर सकारात्मक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।