मंडी। चंडीगढ़ से सटे मोहाली में लापता हुए हिमाचल प्रदेश के कैब ड्राइवर अनिल कुमार की हत्या कर दी गई है। इस सनसनीखेज मामले में पंजाब पुलिस ने जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए जम्मू-कश्मीर के तीन आतंकियों को गिरफ्तार किया है।
अनिल कुमार (27) मंडी जिला के जोगिंद्रनगर का रहने वाला था और नयागांव में रहकर ट्राईसिटी में ओला टैक्सी चलाता था। 29 अगस्त को वह अचानक लापता हो गया था। पुलिस की खोजबीन के बाद सोमवार को उसका शव मोहाली एयरपोर्ट के पास से बरामद किया गया।
कैसे हुआ खुलासा
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि तीनों आरोपियों ने खरड़ से अनिल की टैक्सी बुक की थी। इसके कुछ ही देर बाद अनिल का मोबाइल फोन बंद हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई टीमें बनाई और अंततः तीनों को अमृतसर के पास दबोच लिया। आरोपियों के पास से टैक्सी और वारदात में इस्तेमाल .32 बोर की पिस्तौल भी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने विवाद के बाद अनिल को गोली मारने और शव को मोहाली में ठिकाने लगाने की बात कबूल की।
आतंकी कनेक्शन
गिरफ्तार आरोपी साहिल बशीर हंदवाड़ा के कलामाबाद थाने में यूएपीए और आर्म्स एक्ट के तहत पहले से वांछित है। उसका भाई ऐजाज़ अहमद भी पहले जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हथियारों के जखीरे के साथ पकड़ा जा चुका है। दोनों को आतंकी संगठन के ओवरग्राउंड वर्कर (OGW) माना जाता है।
विधानसभा में उठा मुद्दा
अनिल कुमार के गायब होने का मामला हिमाचल प्रदेश विधानसभा में भी गूंजा। जोगिंद्रनगर से भाजपा विधायक प्रकाश राणा ने बताया कि 29 अगस्त को अनिल का परिवार उससे संपर्क खो बैठा था और 31 अगस्त तक केस दर्ज नहीं हुआ। उन्होंने इस मामले में एसएचओ से बात की और विधानसभा में सरकार से कड़ा कदम उठाने की मांग की।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सदन में कहा कि हिमाचल पुलिस लगातार पंजाब पुलिस से संपर्क में है और मामले की पूरी जानकारी साझा की जा रही है।