मुख्यमंत्री बोले-योजना होगी मजबूत, हिमकेयर में हुआ 110 करोड़ का घोटाला
शिमला। हिमाचल प्रदेश में पूर्व भाजपा सरकार के समय की चली रही हिमकेयर योजना को वर्तमान सरकार बंद नहीं करेगी। इस योजना में सुधार किया जाएगा और इसे पहले से ज्यादा मजबूत बनाया जाएगा। चुनावी प्रचार के बाद शिमला वापस लौटे सीएम ने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत करते हुए यह बात कही है। उन्होंने कहा कि योजना में कुछ कमियां है जिन्हें दुरूस्त किया जा रहा है।

योजना में 110 करोड़ रुपये का हुआ है घोटाला
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमकेयर योजना में जांच के दौरान भारी गड़बडिय़ां पाई गई है। इस योजना में 110 करोड़ रुपये का घोटाला भी हुआ है। सीएम ने कहा कि जब जांच में यह सामने आया कि पुरुषों के नाम पर बच्चेदानी (यूटरेस) के ऑपरेशन के बिल बना दिए जोकि योजना में गंभीर अनियमितताओं की ओर इशारा करता है। अभी योजना की जांच की जा रही है। सीएम ने कहा कि इस पूरे मामले को जल्द ही जनता के सामने लाया जाएगा, जिसमें बताया जाएगा कि किस तरह से हिमकेयर योजना में 110 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि हिमकेयर योजना फिलहाल बंद नहीं होगी, बल्कि इसमें सुधार कर इसे पहले से ज्यादा और मजबूत बनाया जाएगा।
रोबोटिक सर्जरी हिमकेयर के दायरे में आएगी
हिमाचल की सुक्खू सरकार रोबोटिक सर्जरी को भी हिमकेयर योजना में शामिल करने पर कार्य कर रही है। अभी हाल ही में हुए बजट सत्र के दौरान मुख्यमंत्री ने सदन में कहा था कि रोबोटिक सर्जरी को हिमकेयर योजना में जोड़ा जाएगा, लेकिन इसका लाभ किस तरह लोगों को दिया जाए इसको लेकर विभाग योजना तैयार करेगा। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने इसको लेकर योजना बनाना शुरू कर दिया है, जिसके तहत यह प्लान तैयार किया जा रहा है कि आखिर किस तरह हिमकेयर कार्ड धारकों को रोबोटिक सर्जरी का लाभ दिया जा सके।







