राज्य चयन आयोग ने जारी किया परीक्षा कार्यक्रम, एडमिट कार्ड परीक्षा से एक सप्ताह पहले होंगे उपलब्ध
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग, हमीरपुर ने शिक्षक इतिहास और शिक्षक अर्थशास्त्र के पदों को भरने के लिए आयोजित की जाने वाली कंप्यूटर आधारित स्क्रीनिंग परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है।
आयोग की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार शिक्षक इतिहास, पोस्ट कोड 26025 तथा शिक्षक अर्थशास्त्र, पोस्ट कोड 26030 के लिए परीक्षा 28 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। आयोग ने बताया कि दोनों पदों के लिए भर्ती परीक्षा निर्धारित तिथि पर कंप्यूटर आधारित माध्यम से आयोजित होगी। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए आयोग की वेबसाइट पर परीक्षा से लगभग एक सप्ताह पूर्व एडमिट कार्ड डाउनलोड करने का लिंक उपलब्ध कराया जाएगा। इसके माध्यम से अभ्यर्थी अपना रोल नंबर और प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकेंगे।

इसके अलावा रोल नंबर तथा परीक्षा केंद्र की जानकारी अभ्यर्थियों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से भी भेजी जाएगी। आयोग ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे समय-समय पर आयोग की वेबसाइट, एसएमएस तथा ई-मेल की स्थिति जांचते रहें, ताकि परीक्षा से संबंधित किसी भी महत्वपूर्ण सूचना से वंचित न रहें।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा संबंधी अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी किसी भी कार्य दिवस पर आयोग कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा दूरभाष नंबर 01972-222204 पर भी आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है। राज्य चयन आयोग के सचिव विक्रम महाजन ने कहा कि सभी अभ्यर्थी समय रहते अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड करें और परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि आयोग भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां कर रहा है तथा अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सभी जरूरी सूचनाएं समय पर उपलब्ध करवाई जाएंगी।








