जांच में सामने आया हृदय गति रुकने से हुई मौत, बाथरुम में मिला शव
नालागढ़ पुलिस थाने में अपनी सेवाएं दे रहा था मृतक होमगार्ड जवान
हिमाचल दस्तक, ओम शर्मा। नालागढ़
हरियाणा विधानसभा चुनाव में तैनात हिमाचल के नालागढ़ थाने से ड्यूटी पर गए होमगार्ड जवान की हृदय गति रुकने से मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार हरियाणा के करनाल में चुनावों की ड्यूटी पर तैनात नालागढ़ थाने से गए होमगार्ड का शव बाथरुम में संदिग्ध अवस्था में मिला। राम आसरा पुत्र बग्गा राम तहसील रामशहर के गांव नंड का रहने वाला है, और नालागढ़ में अपनी सेवाएं दे रहा था।
डयूटी पर जाने से पहले सुबह राम आसरा नहाने के लिए बाथरुम में गया और काफी समय बाद वह बाथरुम से नहीं लौटा। जिस पर रामआसरा के साथ गए जवानों ने जब उसे बाथरुम में जाकर देखा तो वह वहां पर मृत अवस्था में उन्हें मिला। जिसकी सूचना उन्होंने तुरंत करनाल पुलिस को दी। करनाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जहां पर प्रारंभिक जांच में होमगार्ड की मौत हृदय गति रुकने के कारण बताई जा रही है।
मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी बद्दी एनके शर्मा ने बताया की करनाल पुलिस द्वारा उन्हें सूचना दी गई कि इलेक्शन ड्यूटी में तैनात नालागढ़ से गए होमगार्ड की ह्रदय गति रुकने से मौत हो गई है, और जवान के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। जिसमें प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हृदय गति रुकना बताया जा रहा है। जवान के शव को पोस्टमार्टम के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया जाएगा और कल जवान का अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव में किया जाएगा।