पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन पर हुआ गवर्नर का स्वागत
बढ़ती नशाखोरी पर जताई चिंता बोले अवैध कारोबार करने वालों को बाहर खदेडऩा है
हिमाचल दस्तक, रमेश शर्मा। रामपुर बुशहर
बुशहर रियासत की पुरातन पहचान प्रतिवर्ष लगने वाले अंतरराष्ट्रीय लवी मेले का शुभारंभ सोमवार को महामहिम राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने किया। रामपुर पहुंचने पर राज्यपाल का पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन पर स्वागत किया गया तथा स्थानीय प्रशासन ने अतिथि देवोभव की रीति को निभाते हुए शॉल व टोपी भेंट कर उनका स्वागत किया। उपायुक्त अमित कश्यप ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि एक समृद्ध प्रदेश बनाने में लोग अपना भरपूर सहयोग करें।
उन्होंने प्रदेश में बढ़ती नशाखोरी पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नशे का अवैध धंधा करने वालों को प्रदेश से बाहर खदेडऩा है क्योंकि ऐसे लोग नौजवानों को जाल में फंसा कर गुमराह कर रहे हैं। उनके खिलाफ पुलिस व प्रशासन को सख्ती से निपटना है। इस बुराई को खत्म करने के लिए सबको मिल कर अभियान चलाना होगा। प्रदेश के विकास में युवाशक्ति महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है जब युवाशक्ति सामाजिक बुराइयों से दूर रहेगी तभी उनकी ऊर्जा को रचनात्मक दिशा में ले जाया जा सकता है।
राज्यपाल ने किन्नौरी बाजार, विभिन्न सरकारी विभागों और अन्य संस्थाओं द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का भी शुभारंभ किया। उन्होंने बाजार का दौरा भी किया और स्थानीय लोगों के साथ वार्ता की। इससे पूर्व राज्यपाल ने लक्ष्मी नारायण मंदिर में पूजा-अर्चना की। उपायुक्त एवं लवी मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष अमित कश्यप ने राज्यपाल का स्वागत किया और मेले से संबंधित जानकारी दी। उन्होंने रामपुर में चिकित्सा महाविद्यालय खोलने के लिए राज्यपाल से आग्रह किया। योजना बोर्ड के सदस्य प्रेम सिंह दरैक ने मेले के ऐतिहासिक महत्व की जानकारी दी। उन्होंने नशा निवारण के लिए अलग से पुलिस टास्क फोर्स गठित करने का आग्रह किया।