प्रवेश परीक्षा व मेरिट आधारित कोर्सों के लिए नोटिस जारी, नए विकल्प भी शामिल
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न स्नातकोत्तर, व्यावसायिक और कौशल विकास पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय के अध्ययन अधिष्ठाता कार्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार प्रवेश परीक्षा आधारित और मेरिट आधारित दोनों प्रकार के कोर्सों के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

विश्वविद्यालय द्वारा जारी कार्यक्रम के मुताबिक प्रवेश परीक्षा आधारित कोर्सों (सीरियल नंबर 1 से 5) के लिए आवेदन प्रक्रिया 9 अप्रैल से शुरू हो चुकी है, जिसकी अंतिम तिथि 26 अप्रैल निर्धारित की गई है। वहीं मेरिट आधारित कोर्सों (सीरियल नंबर 6 व 7) के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 14 जून 2026 रखी गई है।
ये कोर्स हैं शामिल
अधिसूचना के अनुसार एमएससी, एमए, एमकॉम, एमबीए, एमटेक, एमसीए, एलएलबी सहित कई प्रमुख पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिए जाएंगे। इसके अलावा पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड कोर्स, होटल मैनेजमेंट (बीएचएम) और टूरिज्म से जुड़े विशेष कोर्स भी शामिल हैं। विश्वविद्यालय ने डेटा साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे आधुनिक विषयों को भी इस सत्र में प्रमुखता दी है। इसके साथ ही विश्वविद्यालय ने योग, आपदा प्रबंधन, फॉरेंसिक साइंस, जन नीति, जर्मन व रूसी भाषाओं सहित विभिन्न विषयों में डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स भी शुरू किए हैं। शॉर्ट टर्म और स्किल डेवलपमेंट कोर्सों के माध्यम से छात्रों को रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया है।
ऑनलाइन करें आवेदन
प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से होगी और इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश परीक्षा आधारित कोर्सों में चयन परीक्षा व शैक्षणिक योग्यता के आधार पर किया जाएगा, जबकि मेरिट आधारित कोर्सों में चयन सीधे अंकों के आधार पर होगा।







