शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के बायोसाइंसेज विभाग में एक शोध परियोजना के तहत रिसर्च असिस्टेंट के पद पर भर्ती की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार यह नियुक्ति पीएम-उषा के मेरू घटक के अंतर्गत स्वीकृत शोध परियोजना के लिए की जाएगी। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जानकारी के अनुसार विभाग में पॉलीहर्बल एक्सट्रैक्ट्स से सिल्वर नैनोपार्टिकल्स का ग्रीन सिंथेसिस और उनकी जैविक गतिविधियों का मूल्यांकन विषय पर शोध परियोजना संचालित की जा रही है। इस परियोजना के प्रधान अन्वेषक डॉ. अमित कुमार हैं।

परियोजना की अवधि 9 माह निर्धारित की गई है और इसके लिए एक रिसर्च असिस्टेंट का चयन किया जाएगा। पद के लिए संबंधित विषय में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातकोत्तर डिग्री अनिवार्य रखी गई है। नेट, एमफिल अथवा पीएचडी योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा जैविक तकनीकों, शोध पद्धतियों, फील्ड सर्वेक्षण, अकादमिक लेखन, सूचना प्रौद्योगिकी और सांख्यिकी का ज्ञान रखने वाले उम्मीदवारों को वरीयता मिलेगी। चयनित अभ्यर्थी को 35 हजार रुपये प्रतिमाह का समेकित मानदेय दिया जाएगा। इच्छुक उम्मीदवार अपना आवेदन और संक्षिप्त बायोडाटा ईमेल के माध्यम से प्रधान अन्वेषक को भेज सकते हैं। पात्र उम्मीदवारों के साक्षात्कार की तिथि, समय और स्थान की सूचना विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि साक्षात्कार के लिए बुलाए गए अभ्यर्थियों को अपने मूल प्रमाण पत्र साथ लाने होंगे। चयन पूरी तरह अस्थायी आधार पर किया जाएगा तथा भविष्य में स्थायी नियुक्ति या सेवा विस्तार का कोई दावा मान्य नहीं होगा। वहीं साक्षात्कार में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का यात्रा भत्ता या दैनिक भत्ता भी नहीं दिया जाएगा।








