शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के फॉरेंसिक साइंस विभाग में संस्थागत इंटर्नशिप कार्यक्रम 2026-27 के तहत दो रिसर्च इंटर्न पदों पर भर्ती की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इसके लिए पात्र अभ्यर्थियों से आवेदन मांगे गए हैं।

यह इंटर्नशिप इंटीग्रेटिंग चरक संहिता इंटू करंट फॉरेंसिक एजुकेशन एनालिसिस ऑफ एंशिएंट इंडियन टॉक्सिकोलॉजी विषय पर आधारित परियोजना के अंतर्गत संचालित की जाएगी। इस परियोजना को शिक्षा मंत्रालय के आईकेएस डिवीजन द्वारा वित्तपोषित किया जा रहा है। परियोजना की प्रधान अन्वेषक फॉरेंसिक साइंस विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. दीपिका भंडारी होंगी।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार इंटर्नशिप की अवधि छह माह निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 10 हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा। इसके लिए वही अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं जो संबंधित विषय में मास्टर्स कर रहे हों।
इसके लिए 16 मई तक ऑनलाइन गूगल फॉर्म के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। चयन प्रक्रिया के तहत 18 मई को फॉरेंसिक साइंस विभाग में हाइब्रिड मोड में साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। अभ्यर्थी ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से इंटरव्यू में शामिल हो सकेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि साक्षात्कार में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का टीए, डीए नहीं दिया जाएगा।








