शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के पत्रकारिता व जनसंचार विभाग में रिसर्च असिस्टेंट के एक पद पर भर्ती की जाएगी। यह नियुक्ति पीएम-उषा के मेरू कंपोनेंट के तहत स्वीकृत शोध परियोजना एआई यूसेज एंड डिपेंडेंस अमंग स्कूल स्टूडेंट्स, शिमला बेस्ड स्टडी के लिए की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस संबंध में वॉक-इन-इंटरव्यू की अधिसूचना जारी कर दी है।
जानकारी के अनुसार यह पद पूरी तरह अस्थायी आधार पर नौ माह की परियोजना अवधि के लिए रहेगा।

चयनित अभ्यर्थी को परियोजना के कुल दो लाख रुपये के बजट के तहत निर्धारित मानदेय दिया जाएगा। पद के लिए मानविकी या सामाजिक विज्ञान विषय में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंकों के साथ मास्टर डिग्री अनिवार्य रखी गई है, जबकि नेट, एमफिल और पीएचडी अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। वॉक-इन-इंटरव्यू 13 मई को जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन के अध्यक्ष कार्यालय में आयोजित होगा। अभ्यर्थियों को आवेदन पत्रए पासपोर्ट साइज फोटो, आवश्यक प्रमाण पत्रों की स्वप्रमाणित प्रतियां तथा मूल दस्तावेज साथ लाने होंगे।
परियोजना के प्रधान अन्वेषक प्रो. विकास डोगरा ने बताया कि पात्र अभ्यर्थियों की स्क्रीनिंग के बाद उसी दिन साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। चयन समिति का निर्णय अंतिम माना जाएगा तथा इंटरव्यू में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का टीए-डीए नहीं दिया जाएगा।










