लेट फीस के साथ मिलेगा दूसरा मौका, केवल पात्र अभ्यर्थियों के फॉर्म ही होंगे स्वीकार
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने एमएड सेकेंड और थर्ड सेमेस्टर (रेगुलर व री-अपीयर) परीक्षाओं को लेकर महत्वपूर्ण अधिसूचना जारी की है। विश्वविद्यालय के कंडक्ट ब्रांच द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार ये परीक्षाएं जुलाई में आयोजित की जाएंगी। जारी अधिसूचना में बताया गया है कि संबंधित छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 3 जुलाई तक ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद फॉर्म भरने पर विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार विलंब शुल्क (लेट फीस) देनी होगी।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी पीजी सेंटर, कॉलेजों और संस्थानों के प्राचार्यों व निदेशकों को निर्देश दिए हैं कि वे केवल पात्र अभ्यर्थियों को ही परीक्षा फॉर्म भरने की अनुमति दें। इसके लिए एडमिशन अपू्रवल फॉर एग्जाम फॉर्म फिलिंग फीचर का उपयोग किया जाएगा। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि किसी भी अपात्र उम्मीदवार का फॉर्म सत्यापित न किया जाए।
यदि किसी विद्यार्थी को परीक्षा फॉर्म भरने में किसी प्रकार की समस्या आती है, तो वह संबंधित कॉलेज या पीजी सेंटर के प्राचार्य निदेशक से संपर्क कर सकता है। इस अधिसूचना की प्रति विश्वविद्यालय के विभिन्न अधिकारियों और संबद्ध कॉलेजों को भी भेजी गई है, ताकि सभी स्तर पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।







