शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई को नया विस्तार मिलने जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने पहली बार मास्टर ऑफ होटल मैनेजमेंट (एमएचएम) कोर्स शुरू करने का फैसला लिया है।

अब तक विश्वविद्यालय में केवल बीएचएम यानी बैचलर ऑफ होटल मैनेजमेंट कोर्स संचालित होता था, लेकिन आगामी शैक्षणिक सत्र 2026.27 से विद्यार्थियों को होटल मैनेजमेंट में मास्टर्स करने का अवसर भी मिलेगा। विश्वविद्यालय के डीन ऑफ स्टडीज कार्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार कुलपति ने एमएचएम कोर्स के लिए फीस संरचना को मंजूरी दे दी है। यह कोर्स सेल्फ फाइनेंसिंग, पेड और नॉन-सब्सिडाइज्ड श्रेणी के तहत संचालित किया जाएगा। इसके लिए विद्यार्थियों को सालाना 75 हजार रुपये ट्यूशन फीस देनी होगी। यह शुल्क अन्य विश्वविद्यालय फीस और चार्जेज से अलग होगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र में बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए यह कोर्स विद्यार्थियों के लिए रोजगार के नए अवसर खोलेगा। होटल इंडस्ट्री में प्रशिक्षित और उच्च शिक्षित युवाओं की मांग को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय ने यह नया मास्टर्स प्रोग्राम शुरू करने का निर्णय लिया है। अधिसूचना की प्रतियां आईवीएस चेयरमैन, वित्त अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई हैं। नई व्यवस्था आगामी सत्र से प्रभावी होगी।








