शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग ने पीएम-उषा के मेरू घटक के अंतर्गत संचालित एक शोध परियोजना के लिए प्रोजेक्ट असिस्टेंट के पद पर नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह नियुक्ति अस्थायी आधार पर की जाएगी और परियोजना की अवधि तक प्रभावी रहेगी।

विश्वविद्यालय की ओर से जारी विज्ञापन के अनुसार शोध परियोजना का विषय पारंपरिक खेलों के प्रति जागरूकता एवं भागीदारी एयुवाओं की शारीरिक फिटनेस और मानसिक स्वास्थ्य पर उनके प्रभाव का आलोचनात्मक विश्लेषण है। चयनित अभ्यर्थी को परियोजना के अंतर्गत शोध कार्यए आंकड़ों के संग्रहण एवं विश्लेषण सहित अन्य गतिविधियों में सहयोग करना होगा।
पद के लिए उम्मीदवार का शारीरिक शिक्षा विषय में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातकोत्तर होना आवश्यक है। नेट, एमफिल अथवा पीएचडी योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों को वरीयता दी जाएगी। इसके अलावा शोध कार्य का ज्ञान, बेहतर संवाद कौशल, डाटा संग्रहण एवं विश्लेषण में रुचि, स्ट्रक्चरल इक्वेशन मॉडलिंग, एक्सेल और रिपोर्ट लेखन का अनुभव भी वांछनीय माना गया है।
विज्ञापन के अनुसार इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने रुचि पत्र, नवीनतम बायोडाटा और शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की सत्यापित प्रतियों सहित साक्षात्कार में उपस्थित होना होगा। वॉक-इन इंटरव्यू 3 जुलाई को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के संबंधित विभाग में आयोजित किया जाएगा। अभ्यर्थियों को ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से साक्षात्कार में शामिल होने का अवसर दिया जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि साक्षात्कार में भाग लेने वाले उम्मीदवारों को कोई यात्रा भत्ता अथवा दैनिक भत्ता नहीं दिया जाएगा। वहीं परियोजना निदेशक को आवश्यकता अनुसार नियुक्ति अवधि और पदों की संख्या में परिवर्तन करने का अधिकार भी रहेगा।







