शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (यूआईटी) में आईसीएसएसआर वित्तपोषित शोध परियोजना के तहत रिसर्च असिस्टेंट और फील्ड इन्वेस्टिगेटर के पदों पर भर्ती की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जारी विज्ञापन के अनुसार दोनों पद अस्थायी आधार पर भरे जाएंगे और इनका कार्यकाल परियोजना अवधि तक ही सीमित रहेगा।

यह शोध परियोजना भगवद गीता और दार्शनिक परामर्श के माध्यम से शिमला जिला के कॉलेज युवाओं में मानसिक स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता के लिए पाठ्यक्रम तैयार करना विषय पर आधारित है। परियोजना को भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत आईसीएसएसआर से स्वीकृति मिली है और इसकी अवधि 12 माह निर्धारित की गई है। परियोजना की निदेशक डॉ. सीमा बांटा होंगी।
विज्ञापन के अनुसार रिसर्च असिस्टेंट के एक पद के लिए अभ्यर्थी का किसी भी सोशल साइंस विषय में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातकोत्तर होना आवश्यक है। नेट, एमफिल और पीएचडी धारकों को प्राथमिकता दी जाएगी। चयनित अभ्यर्थी को 37 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। वहीं फील्ड इन्वेस्टिगेटर के एक पद के लिए सोशल साइंस विषय में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक योग्यता मांगी गई है। चार वर्षीय ग्रेजुएशन प्रोग्राम करने वाले उम्मीदवारों को वरीयता मिलेगी। इस पद के लिए 20 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय निर्धारित किया गया है।
इच्छुक उम्मीदवारों को आवेदन पत्र सादे कागज पर तैयार कर बायोडाटा सहित 11 जून तक परियोजना निदेशक डॉ. सीमा बांटा के पास जमा करवाना होगा। साक्षात्कार 19 जून को यूआईटी निदेशक कार्यालय में आयोजित किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चयन प्रक्रिया में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का टीए-डीए नहीं दिया जाएगा।










