दोपहर 12:30 बजे सोलंग से होगी रवाना, शाम 6 बजे लौटेगी वापिस
मौसम और बीआरओ पर निर्भर रहेगा बस का आगमन
हिमाचल दस्तक, घनश्याम शर्मा। मनाली
बर्फबारी से रोहतांग दर्रा बंद होने के बाद अब लाहुल जाने के लिए रोहतांग टनल से बस सेवा बंद हो गई थी। लोगों की दिक्कत को देखते हुए प्रदेश सरकार ने बीआरओ के साथ मिलकर रोहतांग टनल से बस सेवा शुरु करवा दी है। बस शुरु होने से आम लोगों को राहत मिल गई है। बस दोपहर 12:30 बजे सोलांग से लाहुल के लिए रवाना होगी, जबकि शाम 6 बजे गुफा होटल से वापस मनाली की ओर लौटेगी। पहले दिन 43 लोग बस सेवा द्वारा अपने घर रवाना हुए।
रोहतांग दर्रे में बर्फबारी होने के बाद कई लोग कुल्लू मनाली में फंस गए है। पहुंच वाले लोग तो अपने वाहनों से रोहतांग टनल होते हुए आ जा रहे थे लेकिन आम लोग परेशान थे। सरकार ने लोगों के दर्द को समझा और बीआरओ के साथ बैठकर बस सेवा शुरु करवाई। अब बस सेवा शुरु होने से लाहुल के लोगों में खुशी की लहर है। लाहुल निवासी दोरजे, दीपक, जगदीश, विक्रम, रोकी, अंगरुप व टशी ने रोहतांग सुरंग से बस सेवा शुरु करवाने को कृषि मंत्री डॉ, राम लाल मार्कडेय की बडी उपलब्धि बताया। उन्होंने कृषि मंत्री सहित मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर और बीआरओ के आला अधिकारियों का आभार जताया।
उधर, मनाली एसडीएम रमन घरसंगी ने बताया कि उन्होंने आज पहली बस को हरी झंडी देकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि आज 43 लोग रोहतांग टनल से बस सेवा द्वारा लाहुल के लिए रवाना हुए है। एडीएम ने बताया को बस बीआरओ और सेवा मौसम के हालात पर निर्भर रहेगी। बस सेवा शुरु होने के पर लाहुल-स्पीति पूर्व वीडीसी चेयरमैन और जिला भाजपा सचिव संजीव कुमार ने कृषि मंत्री डा. रामलाल मार्कडेय का आभार जताया और कहा कि मंत्री लाहुलवासियों के हितेषी हैं, जोकि लाहुलवासियों की सेवा में हर समय तैयार हैं।
कृषि मंत्री डॉ. रामलाल मार्कडेय ने बताया कि बर्फबारी से रोहतांग बंद हो गया था, लोगों की परेशानियां बढ गई थी। लोगों का दर्द जानने मनाली पहुंचा था। उसी शाम बीआरओ के चीफ इंजीनियर से बात की और 1200 से अधिक लोगों को रोहतांग सुरंग से भेजा। सीएम के समक्ष भी लोगों का दर्द रखा। प्रदेश सरकार लाहुल के लोगों की समस्याओं को लेकर गंभीर है। सरकार ने लोगों को राहत देने के लिए बस सेवा शुरु की है। सर्दियो में नियमित बस शुरु करने को लेकर भी केंद्र सरकार के साथ बातचीत की जा रही है।