विशेष संवाददाता। शिमला
भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में रविवार को दो बड़ी नियुक्तियां की हैं। भाजपा किसान मोर्चा में हाल ही में अध्यक्ष रहे राकेश बबली की मृत्यू के बाद पद खाली हो गया था जिसपर नई ताजपोशी कर दी गई है। वहीं कर्मचारी प्रकोष्ठ में भी अध्यक्ष पद पर कमान संभाल दी गई है।
हुकुम सिंह बैंस भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष होंगे जोकि किसान मोर्चा में राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य थे। वह हमीरपुर के नादौन से संबंध रखते हैं और लंबे समय से संगठन का काम देख रहे हैं। किसान मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष राकेश बबली सरकार में कामगार कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष भी थे जिनका अचानक देहांत हो गया। हुकुम सिंह बैंस की नियुक्ति से किसान मोर्चा का पद एक बार फिर हमीरपुर जिला को ही मिला है क्योंकि बबली भी वहीं से ताल्लुख रखते थे।
उधर भाजपा ने अपने कर्मचारी प्रकोष्ठ में घनश्याम शर्मा की नियुक्ति की है। पूर्व में भी शर्मा कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। धूमल सरकार में उनको कर्मचारी कल्याण बोर्ड का उपाध्यक्ष बनाया गया था और हाल ही में जयराम सरकार ने भी उनकी इस पद पर नियुक्ति की है। वह भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य भी हैं जो अब कर्मचारी प्रकोष्ठ का जिम्मा देखेंगे।
किसान मोर्चा व कर्मचारी प्रकोष्ठ में आने वाले समय में कार्यकारिणी में बदलाव भी किया जा सकता है। क्योंकि चुनावी बेला है और ऐसे में नए लोगों की जिम्मेदारी भी संगठन तय कर सकता है।