धर्मशाला। प्रदेश के सबसे बड़े जिले कांगड़ा के जिला मुख्यालय धर्मशाला में आज यानि सोमवार को चिट्टे के विरुद्ध महा वॉकथॉन का आयोजन हुआ। वॉकथॉन में सैकड़ों स्कूली छात्रों, कॉलेज विद्यार्थियों, महिला मंडलों, युवा क्लबों, स्वयंसेवी संस्थाओं, व्यापारिक संगठनों और आम लोगों ने भागीदारी की। यहां दाड़ी मैदान में जुटे हजारों प्रतिभागी हिमाचल पुलिस आर्केस्ट्रा हारमनी ऑफ द पाइंस की धुनों पर थिरके।
महा वॉकथॉन में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। शिमला से सोमवार सुबह साईं मैदान तक हेलीकॉप्टर में पहुंचे सीएम ने कुछ देर सर्किट हाउस में बिताने के बाद दाड़ी मैदान से वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाई। राज्य सरकार की युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने की मुहिम में इस आयोजन को अहम माना जा रहा है।
धर्मशाला में वॉकथॉन के साथ ही जिले में चिट्टे के खिलाफ अभियान का औपचारिक शुभारंभ हो गया है। मौजूद लोगों को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई। वहीं हार्मनी बैंड ने चिट्टे के खिलाफ संदेश देते हुए बॉलीवुड तथा पहाड़ी गाने गाकर मौजूद लोगों को झूमने को मजबूर कर दिया। खासकर बच्चों तथा युवाओं में खासा उत्साह नजर आया। वॉकथॉन कार्यक्रम में सीएम ने लोगों नशे के खिलाफ शपथ दिलवाई।