अनुराग का रघुराम राजन पर पलटवार, जयराम सरकार को देंगे पूरा सहयोग
राजीव भनोट/देवेंद्र सूद। गगरेट : केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने गगरेट दौरे के दौरान आरबीआई के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन के केंद्र द्वारा आर्थिक बेहतरी के लिए कोई कार्य नहीं किए जाने की टिप्पणी पर पलटवार किया हैं। अनुराग ने कहा कि कुछ लोग अर्थशास्त्री होने के बावजूद अपने कार्यकाल में कुछ नहीं कर पाए और अब खिसयानी बिल्ली की तरह खंबा नौंच जैसी स्थिति कर रहे है।
अनुराग ने रघुराम राजन को खुलकर राजनीति में आकर राजनीति करने की चुनौती दी और विपक्ष में बहुत अवसर होने की बात कहते हुए रघुराम राजन पर चुटकी ली। ऑटो सेक्टर में मंदी और ग्रोथ रेट काम होने पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि विश्व भर में मंदी के दौर के बावजूद भारत द्वारा बेहतर किया है। अनुराग ने कहा कि पिछले डेढ़ महीने में केंद्र सरकार द्वारा बहुत अच्छे कदम उठाए गए है। विश्व में मंदी के बावजूद भारत ने अच्छा प्रदर्शन किया है, यह मोदी का नेतृत्व है।
उन्होंने कहा कि भारत को विश्व की पहली 3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करना हमारा लक्ष्य है, इसके लिए हम सब कड़ी मेहनत कर रहे हैं और निश्चित रूप से लक्ष्य को प्राप्त किया जाएगा। इस साल अच्छा कार्य हुआ है और आगामी वर्ष में और अधिक बेहतर होगा। वित्त राज्य मंत्री अनुराग ने सोने पर केंद्र सरकार द्वारा नई नीति संबंधी विषय पर कहा कि जब इस मामले पर कोई जानकारी देने लायक होगी, तब जानकारी दी जाएगी।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बेहतर काम कर रहे हैं और हिमाचल को आगे ले जाने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ मिलकर काम किया जाएगा। केंद्र की तरफ से जो भी कार्य करने के हैं, उन्हें करवाया जाएगा और प्रदेश सरकार को पूर्ण सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल के साथ-साथ सभी क्षेत्र विकसित हों इस पर ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में उन्हें काम करने का अवसर मिल रहा है और लगातार काम किया जा रहा है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि हम सब कार्यकर्ता हैं और बेहतर कार्यकर्ता बने यही हम सब का लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कौन कार्यकर्ता कैसा काम कर रहा है, फील्ड में किस प्रकार जनसंपर्क कर रहा है? इसका ध्यान सभी को रहता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता से बड़ी कोई ताकत नहीं है। उन्होंने कहा कि पद आते जाते रहते हैं, लेकिन कार्यकर्ता श्रेष्ठ हम सब बने इसका प्रयास होना चाहिए, क्योंकि कार्यकर्ता सभी रहेंगे।