अशोक ठाकुर। इंदौरा
पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना बुधवार को अपने परिवार के सदस्यों के साथ अपने फूफा के घर गांव थरयाल पहुंचे और पीडि़त परिवार को ढाढस बंधाया। सुरेश रैना ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि इस पूरे केस में मुख्यमंत्री पंजाब द्वारा बहुत साथ दिया गया है। हम सब इस परिवार के साथ हैं और सभी को इस परिवार की मदद करनी चाहिए।
उन्होंने मीडिया का भी सहयोग देने के लिए धन्यवाद किया। गौरतलब है कि पठानकोट के साथ लगते गांव थरयाल में एक किलिंग गैंग ने सुरेश रैना के फूफा अशोक कुमार और उनके फुफेरे भाई का कत्ल कर दिया था। इसके बाद पुलिस लगातार इस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। पुलिस द्वारा अब तक 100 से ज्यादा लोगों से इस मामले के बारे में पूछताछ की जा चुकी है।
मृतक अशोक कुमार सुरेश रैना के फूफा थे। इस घटना के बाद सुरेश रैना ने ट्वीट करके भी मुख्यमंत्री पंजाब और पंजाब पुलिस को इस मामले के बारे में ध्यान देने के लिए कहा था।