विशेष संवाददाता। शिमला
कांग्रेस पार्टी देश में भारत जोड़ो यात्रा करने जा रही है। कन्याकुमारी से 7 सितम्बर को पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी इसकी शुरुआत करेंगे। यह बात अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता मोहन प्रकाश ने सोमवार को शिमला में पत्रकार वार्ता में कही।
मोहन प्रकाश ने कहा कि जो गद्दार स्वतंत्रता आंदोलन का विरोध करते रहे हैं और जिन्होंने अंग्रेजों की चाटुकारिता की थी। वहीं गद्दार आज भारत जोड़ो यात्रा का भी विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश को एकजुट करने के लिए कश्मीर से कन्याकुमारी तक पदयात्रा निकालेगी। मोदी सरकार देश को बांटने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है।
जो लोग महंगाई व बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर बात करते हैं, उनके खिलाफ केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया जाता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह महंगाई नहीं बल्कि लूट है। खाद्य वस्तुओं को भी जीएसटी के दायरे में लाकर आम जनता की कमर तोड़ी जा रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार एक एक कर देश के सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम निजी हाथों में बेच रहे है। सबसे ज्यादा मेहरबानी अदानी पर है, जिसकी बदौलत अदानी आज दुनिया का तीसरा सबसे अमीर बन गया है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की इन जन विरोधी नीतियों की वजह से आज देश को एकजुट करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में भले भारत जोड़ो यात्रा प्रवेश नहीं करेगी लेकिन प्रदेश में भी भारत जोड़ो यात्रा के तहत कई कार्यक्रम होंगे और प्रदेश की जनता को मोदी सरकार की विभाजनकारी नीतियों से अवगत कराया जाएगा।
मोहन प्रकाश ने तंज कसते हुए कहा कि पैसा घर पर रखे तो मोदी पैसा ले जाते हैं और बैंक में पैसा जमा करें तो नीरव मोदी पैसा लेकर देश से फुर्र हो जाता है।
कन्याकुमारी से यात्रा की शुरूआत राहुल गांधी करेंगे और वह अधिकांश समय पर इस पदयात्रा की अगुआई करते रहेंगे। कांग्रेस ने यह भी ऐलान किया है कि 5 महीने की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान पदयात्री होटलों में नहीं रुकेंगे बल्कि गांव, कस्बे और नगरों में पड़ाव डालकर रात्रि विश्राम करेंगे।