हमीरपुर। श्रीलंका में आयोजित फीबा अंडर-18 महिला एशिया कप साउथ एशियन बास्केटबॉल एसोसिएशन (साबा) क्वालीफायर-2026 तथा फीबा अंडर-18 पुरुष एशिया कप साबा क्वालीफायर-2026 में भारतीय महिला एवं पुरुष बास्केटबॉल टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। दोनों भारतीय टीमों ने फाइनल मुकाबलों में मेजबान श्रीलंका को पराजित कर खिताब अपने नाम किया। महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने श्रीलंका को 84-57 के बड़े अंतर से हराकर स्वर्ण पदक जीता।

वहीं पुरुष वर्ग के फाइनल में भारतीय टीम ने श्रीलंका को 78-56 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारतीय पुरुष टीम ने एशिया कप-2026 के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि में हिमाचल प्रदेश की होनहार खिलाड़ी सान्वी राणोट ने भारतीय महिला टीम का प्रतिनिधित्व किया, जबकि रोहित ठाकुर ने सहायक प्रशिक्षक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दोनों की यह उपलब्धि हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। प्रदेश बास्केटबॉल संघ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजय सूद, अध्यक्ष सुशील शर्मा तथा महासचिव मनीष शर्मा ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों और प्रशिक्षकों को बधाई दी है।
जिला हमीरपुर बास्केटबॉल संगठन के प्रवक्ता सुरेश कश्यप ने बताया कि यह उपलब्धि पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि सान्वी राणोट और रोहित ठाकुर की सफलता युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने बताया कि सान्वी राणोट के जिला हमीरपुर पहुंचने पर जिला बास्केटबॉल संघ द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।








