नई दिल्ली: भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 20 से 28 नवंबर के बीच गोवा में हो रहा है, जिसमें विभिन्न देशों की करीब 250 फिल्में दिखाई जाएंगी। सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने रविवार को यह घोषणा की। जावड़ेकर ने कहा कि रूस इस साल फिल्म महोत्सव में भागीदार देश होगा।
उन्होंने कहा दादासाहेब फाल्के पुरस्कार विजेता अमिताभ बच्चन की सात या आठ चुनिंदा फिल्में भी फिल्म महोत्सव में दिखाई जाएंगी।
जावड़ेकर ने एक बयान में कहा कि फिल्म महोत्सव के 50वें संस्करण में दादासाहेब फाल्के पुरस्कार विजेता श्री अमिताभ बच्चन को सिनेमा में उनके शानदार योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा और इसका जश्न उनकी प्रभावशाली और मनोरंजक फिल्में दिखाकर मनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि महोत्सव में क्षेत्रीय भाषाओं की 26 फीचर और 15 गैर-फीचर फिल्में दिखाई जाएंगी। इसके अलावा लगभग 50 साल पहले विभिन्न भाषाओं में बनीं 12 फिल्में भी पर्दे पर दिखाई देंगी। जावड़ेकर ने कहा कि विभिन्न फिल्म स्टार और लगभग 10 हजार फिल्म प्रेमी इस महोत्सव में भाग लेंगे।