शैलेश सैनी। नाहन
जिला सिरमौर के पांवटा साहिब उपमंडल में लगभग 6 हजार करोड़ का घोटाला करने वाली बंद पड़ी इंडियन टेक्नोमैक कंपनी पर बुधवार को सीबीआई ने दबिश दी।
इस दौरान सीबीआई की टीम द्वारा कंपनी से दस्तावेज व अन्य साक्ष्य कलेक्ट करने की जानकारी मिली है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है कि सीबीआई अपने साथ कंपनी से क्या दस्तावेज कलेक्ट करके ले गई है, मगर टीम के अधिकारियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि यह कार्रवाई विभिन्न बैकों के लेन-देन और बैंक ऑफ इंडिया की शिकायत पर अमल में लाई है।
जानकारी के अनुसार सीबीआई ने बुधवार को बंद पड़े उद्योग में दबिश दी। इस दौरान उन्होंने कंपनी के रिकार्ड को खंगाला और दस्तावेज कलेक्ट किए।
बता दें कि बंद पड़ी इस इंडियन टेक्नोमैक कंपनी पर विभिन्न बैंकों सहित बैंक ऑफ इंडिया की मोटी देनदारियां हैं। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश सरकार का भी करोड़ों का टैक्स कंपनी द्वारा भुगतान किया जाना है।
कंपनी द्वारा बिजली बिल में करोड़ों की फर्जी आरटीजीएस भी की गई। इसका खुलासा तब हुआ था जब आबकारी एवं कराधान विभाग की टीम ने इंडियन टेक्नोमैक कंपनी को 2100 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी के मामले में सीज किया था। उसके बाद बिजली बोर्ड ने अलग से मामले में एफआईआर दर्ज करवाई थी कि कंपनी ने बोर्ड को फर्जी आरटीजीएस के तहत 5 करोड़ का फ्रॉड किया था।
उधर, सीबीआई टीम के अधिकारी ने बताया कि वे इस बारे में ज्यादा कुछ जानकारी नहीं दे सकते। उन्होंने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि यह कार्रवाई बैंक के देनदारियों को लेकर बैंक आफ इंडिया की शिकायत पर की गई है। उन्होंने बताया कि इस दौरान कंपनी से कुछ दस्तावेज व अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं।








