मुंबई से दिल्ली तक करेंगे 1525 किमी. का सफर
15 दिसंबर को मुंबई से शुरू दौड़ 12 जनवरी, 2020 को दिल्ली में होगी खत्म
हिमाचल दस्तक, चंद्र ठाकुर। नाहन
जरूरतमंद लोगों के लिए चैरिटी रन कर उन्हें सहयोग देने वाले अंतरराष्ट्रीय अल्ट्रा मैराथन धावक सुनील शर्मा अब भारतीय सेना से विकलांग हुए सैनिकों के सहयोग के लिए 1525 किलोमीटर की मैराथन दौड़ेंगे। रन फॅार डिसएबल सोल्जर्स 15 दिसंबर को मुंबई से शुरू होगी। जोकि विभिन्न राज्यों से होती हुई 29 दिन बाद 12 जनवरी, 2020 को दिल्ली में संपन्न होगी। इस दौरान सुनील शर्मा 1525 किलोमीटर का सफर तय करेंगे।
जिला सिरमौर के संगड़ाह निवासी सुनील शर्मा ने बताया कि रन फॅार डिसएबल सोल्जर्स के लिए इस दौड़ में क्वीन मैरी टेक्निकल इंस्टीट्यूट पुणे द्वारा भी सहयोग किया जा रहा है। इस दौड़ का उद्देश्य विकलांग सैनिकों के प्रति देश के लोगों को जागरूक करना और उनके लिए धन जुटाना है।
उन्होंने बताया कि 14 दिसंबर को मुंबई में विकलांग सैनिकों की याद में श्रद्धांजलि समारोह रखा गया है। इसमें मेजर जनरल गजेंद्र प्रसाद, वाईएसएम, अतिरिक्त महानिदेशक वीएसएम, मुंबई पीपीएस कृष्ण प्रकाश, आईजी कर्नल राहुल बाली, सीओ क्यूएमटीआई पुणे कर्नल वसंत बालेश्वर, डीईएन क्यूएमटीआई पुणे भाग्यश्री नालवे, मराठी अभिनेत्री कनेजतल व किरण माने होगे। साथ ही डालमिया कॉलेज मुंबई से एनसीसी कैडेट द्वारा प्रदर्शन व मार्चपास्ट भी किया जाएगा।
शर्मा ने बताया कि उनके पास सीमित टी-शर्ट और पदक हैं, जो कि प्रायोजित नहीं है। इन्हें व्यक्तिगत लागत से तैयार करवाया है। 29 दिन की दौड़ को प्रायोजित करने के लिए जीएससी निगम पटेल और उनकी टीम, प्रबंध समिति रनिदासन नायर, रंटस्टैटिक व उनकी टीम, सतीश गुजरान, विजय नायर, सुनीता गोदारा का आभारी हूं। दिल्ली में अरविन्द बिजवे और रनबुडीज़ पुणे के निखिल शाह, पूजा वर्मा, मनोज जगवानी, स्मिता चौथाय व कुमार अजवानी इस रनिंग इवेंट को सफल बनाने के लिए हमारी सहायता कर रहे है। बता दें कि इससे पहले सुनील शर्मा कोई चैरिटी रन गरीब लोगों के इलाज के लिए कर चुके हैं। इसके साथ ही वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कई मैराथन में भाग लेकर देश का नाम रोशन कर चुके हैं।