बद्दी। औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ में अंतरराष्ट्रीय स्तर के कुश्ती खिलाड़ी एवं एक्साइज इंस्पेक्टर जॉनी चौधरी पर जानलेवा हमले में पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। 14 अप्रैल को जानलेवा हमला किया गया था, जिनमें एक आरोपी नाबालिग है। जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब जॉनी चौधरी नालागढ़ में हिमाचल प्रदेश की अंडर-17 कुश्ती टीम के खिलाड़ियों के ट्रायल ले रहे थे। ट्रायल के दौरान किसी खिलाड़ी के चयन (सिलेक्शन) को लेकर विवाद हो गया।

बताया जा रहा है कि जब कुश्ती खिलाड़ियों के ट्रायल लिए जा रहे थे उसी समय करीब आधा दर्जन हमलावर मुंह बांधकर वहां पहुंचे और उन्होंने तेजधार हथियारों और डंडों से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में जॉनी चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद उन्हें उपचार के लिए नालागढ़ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया।








