हिमाचल, पंजाब व जम्मू-कश्मीर से जुड़े थे तस्करी के तार
शिमला। पुलिस ने एक अंतरराज्यीय चिट्टा तस्करी गिरोह के एक मुख्य सरगना को गिरफ्तार किया है। रविवार को आरोपी सीआईए नूरपुर की टीम द्वारा जम्मू एवं कश्मीर के कठुआ क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।

सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि नूरपुर थाना में दर्ज एफआईआर के तहत 11 अक्तूबर, 2025 को कंडवाल बैरियर पर नाका, चेकिंग के दौरान 6.044 किलोग्राम चरस बरामद की गई थी। इस दौरान जिला मंडी के तीन आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार किया गया था। मामले की जांच के दौरान मुख्य आरोपी शुभकरण निवासी समकेहर, तहसील ज्वाली, जिला कांगड़ा की पहचान की गई, जिसे 1 नवम्बर 2025 को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया गया।
जांच में हुआ खुलासा
आगे की जांच में यह भी सामने आया कि बरामद मादक पदार्थ की खेप को कठुआ (जम्मू एवं कश्मीर) निवासी विजय कुमार उर्फ वी.के. को दिया जाना था। उक्त आरोपी को 22 मार्च को उसके निवास स्थान से सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया गया है।







