मंडी। प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए प्रतिपक्ष नेता जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की वर्तमान सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर जो मॉडल प्रस्तुत किया है वह वास्तव में करों का बोझ बढ़ाने, कर्ज में डुबाने, भ्रष्टाचार को संरक्षण देने और अपने मित्रों को लाभ पहुंचाने का मॉडल बनकर रह गया है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रदेश को ऐसा नेतृत्व मिला है जिसकी कथनी और करनी में जमीन आसमान का अंतर है जिसके कारण आज प्रदेश के लोग सीएम पर भरोसा ही नहीं कर रहे हैं। जनता से किए गए वादों को निभाने के बजाय सरकार झूठी गारंटियों का सहारा लेकर लोगों को गुमराह करती रही है।

महत्वपूर्ण योजनाओं को किया जा रहा बंद
जयराम ठाकुर ने कहा कि सहारा योजना जैसी महत्वपूर्ण पेंशन को बंद करने के लिए गरीब और असहाय लोगों को कागजों में ही मृत दिखाने जैसी अमानवीय कोशिशें की जा रही हैं। हिमकेयर जैसी जनकल्याणकारी योजना को बदनाम कर बंद करने की साजिश रची जा रही है, जिससे प्रदेश की गरीब जनता का स्वास्थ्य सुरक्षा तंत्र कमजोर हुआ है। उन्होंने कहा कि आज लोगों के इलाज से भटकने, इलाज दवाई न मिलने की खबरें आम हो गई हैं। इस सरकार ने एक इंजेक्शन के लिए बेटी के सर से पिता का साया छीन लिया। मंगलसूत्र बिकवा दिया, मां के जेवर गिरवी रखवा दिए।
प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर
सत्ता संभालने के बाद मुख्यमंत्री की सिस्टम से पकड़ कमजोर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार को संरक्षण देने वाले अधिकारियों के सामने वह नतमस्तक हैं। प्रदेश में भ्रष्टाचार अपने चरम पर है और सरकार ने इस पर आंख, कान और नाक बंद कर रखे हैं। बड़े घोटालों में कार्रवाई के बजाय लीपापोती की जा रही है।
जयराम बोले-मित्र मंडल मंत्रिमंडल पर है हावी
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में ऐसा पहली बार हुआ है जब मित्र मंडल मंत्रिमंडल पर हावी है। सरकार ने मित्रों और करीबी लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए पदों का बंटवारा किया है। सलाहकारों की फौज खड़ी कर उन्हें कैबिनेट रैंक और भारी-भरकम सुविधाएं दी जा रही हैं, लोकतंत्र जनता का, जनता द्वार, जनता के लिए शासन होता है लेकिन व्यवस्था परिवर्तन वाली सुक्खू सरकार मित्रों की, मित्रों द्वारा मित्रों के लिए मित्र मंडल वाली सरकार बन गई है।







